Bijnor News: सरकारी आवास में नायब तहसीलदार ने खुद को मारी गोली, इलाज के दौरान हुई मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां सदर तहसील में तैनात नायब तहसीलदार राजकुमार ने अपने सरकारी आवास में अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली। उन्हें गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
यह घटना बुधवार सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। गोली की आवाज सुनकर तहसील परिसर में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि गोली लगने के बाद नायब तहसीलदार ने कमरे को अंदर से बंद कर लिया था। लोगों ने दरवाजा तोड़कर उन्हें बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
करीब दो घंटे के इलाज के बाद, दोपहर 1:30 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही डीएम जसजीत कौर, एसपी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने नायब तहसीलदार की लाइसेंसी रिवॉल्वर को अपने कब्जे में ले लिया है। फिलहाल, आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस उनके मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है ताकि घटना की वजह सामने आ सके।
Also Read: CBI ने 13 साल बाद विदेश से पकड़ा भगोड़ा अपराधी, हत्या के मामले में काट…

