बीकानेर में पलटे हुए ऑटो को सीधा कर रहे लोगों को ट्रेलर ने रौंदा, 4 की मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: राजस्थान के बीकानेर जिले में भारतमाला हाईवे पर गुरुवार देर रात एक हृदय विदारक सड़क हादसा हुआ। नापासर थाना क्षेत्र के देशनोक-नौरंगदेसर मार्ग पर एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़े आठ लोगों को बेरहमी से कुचल दिया। इस हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

हादसा रात करीब 12 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि हाईवे पर एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया था। वहां से गुजर रहे कुछ लोग इंसानियत के नाते रुके और ऑटो को सीधा करने में मदद करने लगे। ऑटो को उठाने के लिए एक पिकअप भी बुलाई गई थी।

तभी अंधेरे में काल बनकर आए एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने नियंत्रण खो दिया और वहां मौजूद लोगों, पिकअप और ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही चीख-पुकार मच गई। हादसा करने के बाद ट्रेलर चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले चारों युवक राजूराम (लूणासर, चूरू), सुनील (बादडिया, चूरू), सुनील (रासीसर, बीकानेर) और राजेश (झीनी, झुंझुनूं) अलग-अलग जिलों के रहने वाले थे। हादसे में घायल हुए इंद्र सिंह (जोधपुर), ताराचंद (चूरू), परमेश्वर और पूजा (झुंझुनूं) को तुरंत बीकानेर के पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

घायल इंद्र सिंह ने आपबीती बताते हुए कहा, मैं वहां से गुजर रहा था और पलटे हुए ऑटो को देखकर मदद के लिए रुका था। तभी अचानक ट्रेलर ने सबको अपनी चपेट में ले लिया। मैं किस्मत से डिवाइडर की तरफ उछल गया, जिससे मेरी जान बच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और फरार ट्रेलर चालक की तलाश के लिए नाकाबंदी कर दी गई है।

Also Read: वाराणसी: सत्ता की हनक में दरोगा को जड़ा थप्पड़, बीजेपी पार्षद का बेटा गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.