ब्रेकर पर उछली बाइक, महिला गंभीर रूप से घायल, मिर्ज़ापुर ट्रामा सेंटर रेफर

हलिया (मिर्जापुर)। हलिया थाना क्षेत्र के अहुगी कला गांव स्थित अदवा बांध के सुलिस के पास मंगलवार शाम एक सड़क हादसा हो गया। ब्रेकर से बाइक के अचानक उछलने के कारण बाइक पर सवार एक महिला नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला को सिर में गंभीर चोट लगी है, जिसके बाद उसे मिर्ज़ापुर ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।

बहन के घर जा रही थीं महिला

घायल महिला की पहचान ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के नौगवां गांव निवासी फूलवंती (52 वर्ष) पत्नी विद्या सागर के रूप में हुई है। फूलवंती अपने बेटे पंकज पाल के साथ बाइक से हलिया थाना क्षेत्र के सोनगढ़ा गांव स्थित अपनी बहन के घर जा रही थीं। जैसे ही बाइक अदवा बांध के सुलिस के पास बने ब्रेकर से गुजरी, वह उछल गई और फूलवंती सड़क पर गिर गईं, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई।

प्राथमिक उपचार के बाद रेफर

हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तुरंत महिला को उठाया और एक निजी साधन से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) हलिया पहुंचाया। पीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अवधेश कुमार ने महिला का प्राथमिक उपचार किया। हालांकि, सिर में लगी गंभीर चोट को देखते हुए उन्होंने महिला को तत्काल ट्रामा सेंटर मिर्ज़ापुर के लिए रेफर कर दिया। घायल महिला के परिजनों ने एंबुलेंस सेवा (108) को सूचना दी। एंबुलेंस पायलट प्रवीण पाल और ईएमटी संतोष भारतीय महिला को लेकर ट्रामा सेंटर रवाना हो गए।

रिपोर्ट: अशोक सिंह

 

Also Read: मिर्जापुर: बोरे और उठान के अभाव में धान खरीद ठप, औने-पौने दामों पर फसल बेचने को मजबूर किसान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.