बिना हेलमेट पेट्रोल न देने पर बाइक सवारों ने पंप मालिक को मारी गोली

Sandesh Wahak Digital Desk: मध्य प्रदेश के भिंड जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पेट्रोल पंप मालिक को सिर्फ इसलिए गोली मार दी गई क्योंकि उसने बिना हेलमेट आए बाइक सवारों को पेट्रोल देने से मना कर दिया था। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

यह घटना बरोही थाना क्षेत्र के सावित्री लोधी पेट्रोल पंप पर हुई। भिंड कलेक्टर के आदेश के अनुसार, जिले में बिना हेलमेट पहने किसी भी वाहन चालक को पेट्रोल नहीं दिया जा सकता। इसी नियम का पालन करते हुए, पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने कुछ बाइक सवार युवकों को फ्यूल देने से मना कर दिया।

इस बात पर युवकों और कर्मचारियों के बीच बहस शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर युवक वहां से चले गए, लेकिन करीब आधे घंटे बाद वे हथियारों के साथ वापस लौटे और पेट्रोल पंप पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

गोलीबारी के दौरान पेट्रोल पंप मालिक तेज नारायण सिंह को दाहिने हाथ में गोली लग गई। उन्हें तुरंत घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया। बरोही थाने के एएसआई बाबू सिंह जादौन ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल, तेज नारायण अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस ने बताया कि तीन अज्ञात लोगों ने इस वारदात को अंजाम दिया है। उनकी पहचान करने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों को पकड़ने के लिए टीमें लगाई गई हैं।

Also Read: Siddharthnagar News: डीएम और एसपी ने किया जिला जेल का औचक निरीक्षण, अधिकारियों को दिए निर्देश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.