बिसारी देवी मंदिर विवाद: FIR दर्ज होने के बाद पुलिस पर एक्शन, दो दरोगा समेत 6 पुलिसकर्मी सस्पेंड
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में बिसारी देवी मंदिर के पास रखी मूर्तियों को फेंकने के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। इस घटना में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज की है, वहीं ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में दो दरोगा सहित छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
घटना और एफआईआर
शिकायतकर्ता अतुल दीक्षित (बिसारी देवी सेवा समिति अध्यक्ष) की शिकायत पर मेरापुर थानाध्यक्ष राजीव पांडेय ने अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। शिकायत में कहा गया है कि रविवार को धम्मयात्रा में शामिल कुछ लोगों ने इन मूर्तियों को उठाकर फेंक दिया।
घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें कुछ बौद्ध भंते अन्य लोगों को उकसाते दिख रहे थे, जबकि युवा वीडियो बनाते और तालियाँ बजाते नज़र आ रहे थे। घटना के समय पुलिस बल भी मौके पर तैनात था।
थानाध्यक्ष राजीव पांडेय ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर दोषियों को चिह्नित किया जा रहा है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
6 पुलिसकर्मी निलंबित
पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में टीले पर तैनात दो उपनिरीक्षकों (दरोगा), एक दीवान और तीन सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
निलंबित पुलिसकर्मी
- उपनिरीक्षक महेंद्र प्रताप सिंह
- उपनिरीक्षक धनीराम
- दीवान प्रेमप्रकाश
- सिपाही अमित कुमार
- सिपाही सतेंद्र सिंह
- महिला आरक्षी लवली उपाध्याय
यह कार्रवाई घटना की संवेदनशीलता और ड्यूटी में बरती गई चूक को देखते हुए की गई है।
Also Read: यूपी में सर्दी का सितम: कोहरे में लिपटी राजधानी, कई जिलों में शीत लहर का अलर्ट जारी

