मध्य प्रदेश निकाय उपचुनाव में भाजपा का दबदबा, 6 सीटों पर दर्ज की जीत
Sandesh Wahak Digital Desk: मध्य प्रदेश में हाल ही में हुए नौ नगरीय निकायों के पार्षदों के उपचुनाव के नतीजे आ गए हैं, और इन परिणामों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपना परचम लहराया है। कुल नौ सीटों पर हुए इस चुनाव में भाजपा को छह और कांग्रेस को तीन सीटों पर जीत मिली है। इन उपचुनावों के लिए मतदान 7 जुलाई को हुआ था।
राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव अभिषेक सिंह ने बताया कि सभी नौ नगरीय निकायों में एक-एक पार्षद के उपचुनाव के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। घोषित नतीजों में छह पार्षद भाजपा के हैं, जबकि तीन पार्षद इंडियन नेशनल कांग्रेस से हैं।
अभिषेक सिंह ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि भोपाल जिले के बैरसिया नगरीय निकाय के वार्ड 7 से भाजपा की शाइस्ता सुल्तान विजयी रहीं। सिवनी नगरीय निकाय के वार्ड 11 से भाजपा की निधि ने जीत हासिल की। इंदौर जिले के सांवेर नगरीय निकाय के वार्ड 7 से कांग्रेस की हसीना विजयी हुईं। इंदौर जिले के गौतमपुरा नगरीय निकाय के वार्ड 15 से भाजपा के शंकरलाल ने जीत दर्ज की। मंडला जिले के बिछिया नगरीय निकाय के वार्ड 13 से कांग्रेस की राजकुमारी धुर्वे को जीत मिली। शहडोल जिले के खांड नगरीय निकाय के वार्ड 8 से कांग्रेस के शशिधर त्रिपाठी विजयी रहे। छिंदवाड़ा जिले के न्यूटन चिखली नगरीय निकाय के वार्ड 4 से भाजपा की निकिता बरखे ने जीत हासिल की। खरगोन जिले के भीकनगांव नगरीय निकाय के वार्ड 5 से भाजपा की कमलेश कौशल विजयी रहीं।
इसके अतिरिक्त, पन्ना जिले के ककरहटी नगरीय निकाय के वार्ड 13 से भाजपा प्रत्याशी हीरालाल आदिवासी को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया था। आपको बता दें कि इन नौ नगरीय निकायों में 7 जुलाई को एक-एक पार्षद के उप-चुनाव के लिए मतदान संपन्न हुआ था। कुल 69.68 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था, जिसमें 73.01 प्रतिशत पुरुष और 66.36 प्रतिशत महिला मतदाता शामिल थीं। इन चुनावों के नतीजे गुरुवार को घोषित किए गए।
Also Read: Jhansi News: रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया दरोगा, एंटी करप्शन टीम ने की कार्रवाई

