असम चुनाव: बीजेपी ने जारी की 88 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट, जालुकबारी से ताल ठोकेंगे सीएम हिमंत

Sandesh Wahak Digital Desk: असम विधानसभा चुनाव 2026 के लिए सियासी पारा चढ़ गया है। दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में हुई केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद बीजेपी ने 88 सीटों पर अपने योद्धाओं के नाम घोषित कर दिए हैं। इस लिस्ट में अनुभव और नए चेहरों का संतुलन बनाने की कोशिश की गई है।

सीएम और मंत्रियों को मिली अपनी सीटें

पार्टी ने अपने सबसे बड़े चेहरे, मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को उनकी पारंपरिक सीट जालुकबारी से ही मैदान में उतारा है। इसके साथ ही कैबिनेट के लगभग सभी प्रमुख चेहरों को फिर से मौका दिया गया है।

अजंता नेओग: गोलाघाट (वित्त मंत्री)

अशोक सिंघल: ढेकियाजुली

पीजूष हजारिका: जागीरोड (अजा)

चंद्र मोहन पटवारी: तिहू

रंजीत कुमार दास: भवानीपुर-सोरभोग

रानोज पेगु: धेमाजी (अजजा)

कांग्रेस से आए बोरदोलोई बने बीजेपी के उम्मीदवार

इस सूची की सबसे चौंकाने वाली और बड़ी खबर प्रद्युत बोरदोलोई का नाम है। नगांव से सांसद रहे बोरदोलोई ने बुधवार को ही कांग्रेस और सांसदी से इस्तीफा देकर बीजेपी का दामन थामा था। पार्टी ने उन्हें तुरंत दिसपुर जैसी महत्वपूर्ण शहरी सीट से अपना उम्मीदवार बना दिया है। उनके साथ ही गुवाहाटी की अन्य अहम सीटों पर दिप्लू रंजन सरमा (न्यू गुवाहाटी) और विजय कुमार गुप्ता (गुवाहाटी सेंट्रल) को उतारा गया है। बीजेपी ने अपने गढ़ माने जाने वाले ऊपरी असम में पुराने चेहरों पर भरोसा जताया है।

डिब्रूगढ़: प्रशांत फुकन

डिगबोई: सुरेन फुकन

मार्घेरिटा: भास्कर सरमा

इसके अलावा मध्य और निचले असम की महत्वपूर्ण सीटों जैसे बरहमपुर से जीतू गोस्वामी और नगांव-बटाद्रबा से रूपक सरमा को टिकट मिला है। असम की जनसांख्यिकी को देखते हुए बीजेपी ने एसटी (ST) और एससी (SC) सीटों पर भी मजबूत दावेदार पेश किए हैं। बोको-चायगांव, तामुलपुर, माजुली और दीफू जैसी आरक्षित सीटों पर उम्मीदवारों के चयन में स्थानीय समीकरणों का पूरा ध्यान रखा गया है। पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में हुई इस बैठक ने साफ कर दिया है कि बीजेपी इस बार ‘विकास और स्थिरता’ के मुद्दे पर चुनाव लड़ने जा रही है।

Also Read: नवरात्रि के पहले दिन रामलला के दरबार पहुंचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, श्रीराम यंत्र के महाअनुष्ठान में हुईं शामिल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.