बिहार चुनाव के लिए BJP ने कसी कमर, केशव प्रसाद मौर्य और धर्मेंद्र प्रधान को मिली बड़ी जिम्मेदारी

Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बिहार और पश्चिम बंगाल के आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति को धार देने के लिए संगठन में बड़ी जिम्मेदारियां सौंपी हैं। पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शुक्रवार को केंद्रीय मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं को इन महत्वपूर्ण राज्यों का चुनाव प्रभारी और सह-प्रभारी नियुक्त किया है। ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं।

बिहार विधानसभा चुनाव की कमान

बिहार विधानसभा चुनाव की जिम्मेदारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को सौंपी गई है, जिन्हें प्रदेश चुनाव प्रभारी बनाया गया है। उनके साथ सह-प्रभारी के रूप में दो प्रमुख नेताओं को नियुक्त किया गया है। जिनमें सीआर पाटिल (केंद्रीय जल शक्ति मंत्री) और केशव प्रसाद मौर्य (उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री) को अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।

बता दें कि राज्य में वर्तमान में NDA की सरकार है, जिसमें नीतीश कुमार मुख्यमंत्री हैं। 2020 के चुनाव में BJP ने 74 सीटें जीती थीं। पार्टी का लक्ष्य इस बार रिकॉर्ड जीत दर्ज कर संगठन को और मजबूत करना है।

बंगाल विधानसभा चुनाव की कमान

पश्चिम बंगाल में चुनाव की कमान केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव को दी गई है। उन्हें राज्य का प्रदेश चुनाव प्रभारी बनाया गया है। उनके साथ सह-प्रभारी की जिम्मेदारी बिप्लब कुमार देब (लोकसभा सांसद) को मिली है।

पश्चिम बंगाल में BJP मुख्य विपक्षी दल है, जिसने 2021 के विधानसभा चुनाव में 77 सीटें जीती थीं। इन नियुक्तियों को चुनावी रणनीति को मजबूत करने और राज्य में सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस को कड़ी टक्कर देने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।

Also Read: पीएम मोदी ने राजस्थान को दी 1.22 लाख करोड़ की सौगात, कई बड़ी परियोजनाओं का शुभारंभ

Get real time updates directly on you device, subscribe now.