बिहार में बीजेपी को लगा झटका, सुधीर कुमार शर्मा जन सुराज में हुए शामिल

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे करीब आ रहा है, सियासी उठापटक भी तेज़ हो गई है। बीजेपी के एक पुराने और बड़े नेता सुधीर कुमार शर्मा ने शुक्रवार को प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज का दामन थाम लिया है। उनके साथ बिहार के कई जिलों से दर्जनों नेता और कार्यकर्ता भी जन सुराज में शामिल हुए हैं।

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय कुमार सिंह और संस्थापक प्रशांत किशोर (पीके) ने इन सभी को सदस्यता दिलाई। इस मौके पर पीके ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव पर भी जमकर निशाना साधा।

नीतीश कुमार मेरे रंग की कॉपी कर रहे हैं

चुनाव प्रचार के लिए जेडीयू ने पीले रंग की बस मंगवाई है, जिस पर प्रशांत किशोर ने चुटकी ली। उन्होंने कहा, मुझे खुशी है कि नीतीश कुमार जी मेरी पार्टी के सांकेतिक रंग की गाड़ी से घूमेंगे। पीके ने आगे कहा कि पीले रंग के रथ पर नीतीश कुमार को देखकर लोग यह समझेंगे कि जेडीयू ने भी मान लिया है कि जन सुराज ही बिहार का भविष्य है। उन्होंने दावा किया कि नवंबर के बाद जेडीयू के नेता और कार्यकर्ताओं का घर जन सुराज ही होगा।

तेज प्रताप यादव पर भी साधा निशाना

इन दिनों तेज प्रताप यादव भी पीले रंग की टोपी पहने घूम रहे हैं। इस पर प्रशांत किशोर ने कहा कि उन्होंने पीला रंग इसलिए चुना था क्योंकि यह विष्णु और इस्लाम में विशेष महत्व रखता है, लेकिन हर पीला रंग सोना नहीं हो जाता है। उन्होंने कहा कि अब गांव-गांव में लोग पीले रंग का मतलब जन सुराज ही समझ रहे हैं।

Also Read: पुणे में धार्मिक तनाव, सोशल मीडिया पोस्ट के बाद यवत में बवाल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.