भाजपा सरकार ने यूपी को बनाया ‘भ्रष्टाचार का अड्डा’: अखिलेश यादव

Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव शुक्रवार को कानपुर पहुंचे। अखिलेश यादव ने कानपुर में मीडिया से बातचीत करते हुए भाजपा सरकार पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है। उन्होंने भ्रष्टाचार, कानून व्यवस्था और किसानों के मुद्दों को लेकर सरकार को घेरते हुए कई गंभीर आरोप लगाए। अखिलेश ने कहा कि भाजपा का ‘गड्ढा मुक्त अभियान’ पूरी तरह फेल हो चुका है और प्रदेश की सड़कें अब जानलेवा साबित हो रही हैं।

‘गड्ढों में गिर रही हैं गाड़ियां, पॉकेट में जा रहा बजट’

अखिलेश यादव ने नोएडा की हालिया घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि सड़कों के गड्ढे भरने के नाम पर हजारों करोड़ रुपये डकार लिए गए, लेकिन स्थिति जस की तस है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा नोएडा में कार खुले नाले में गिर रही है, इंजीनियरों की जान जा रही है। भाजपा के राज में सड़कें नहीं, भ्रष्टाचार के गड्ढे गहरे हुए हैं।

कानून व्यवस्था और ‘हथेली गर्म, पुलिस नरम’

कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि यूपी में महिलाएं और बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन पर कटाक्ष करते हुए एक नया नारा दिया  “हथेली गर्म, पुलिस नरम।” उनका आरोप है कि भाजपा ने पुलिस को भ्रष्ट बना दिया है और डायल 100 जैसी बेहतरीन सेवा को 112 करके बर्बाद कर दिया।

नए किस्म के ‘माफिया’ और बेरोजगारी का संकट

अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि इस सरकार ने प्रदेश में नए और ‘लेटेस्ट वर्जन’ के माफिया पैदा किए हैं।

  • एनकाउंटर माफिया
  • कप सिरप माफिया
  • नीट (NEET) माफिया
  • स्कैम माफिया

उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को नौकरी इसलिए नहीं दे रही ताकि उसे ‘आरक्षण’ न देना पड़े। भाजपा सरकार पूरी तरह से PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) विरोधी है।

‘भाजपा है असली ‘सनातन’ विरोधी’

अखिलेश यादव ने भाजपा पर धर्म के नाम पर राजनीति करने और वास्तव में सनातन परंपराओं को नुकसान पहुंचाने का बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने कहा वाराणसी में अहिल्या बाई होल्कर की मूर्ति को बुलडोजर से ढहा दिया गया। पौराणिक मणिकर्णिका घाट और सैकड़ों साल पुराने मंदिरों को तोड़ दिया गया। काशी की ऐतिहासिक दाल मंडी उजाड़ कर व्यापारियों को बर्बाद कर दिया गया। शंकराचार्य जी तक को अपमानित किया गया।

2027 के लिए अखिलेश का विजन: ‘नया कानपुर’

कानपुर की बदहाली पर दुख जताते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा ने इस औद्योगिक शहर को ‘बदनामपुर’ बना दिया है। उन्होंने वादा किया कि समाजवादी सरकार आने पर इटावा, कन्नौज और कानपुर को मिलाकर व्यापारिक हब बनाया जाएगा। गंगा नदी पर गोमती से भी भव्य रिवरफ्रंट बनेगा।  कानपुर की पहचान ‘लाल इमली’ को फिर से गुलजार किया जाएगा और टेक्सटाइल इंडस्ट्री को पूरा सपोर्ट मिलेगा।

Also Read: यूपी की सियासत में बड़ा उलटफेर, अखिलेश की ‘साइकिल’ पर सवार होंगे नसीमुद्दीन सिद्दीकी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.