‘किसानों की जमीन पर भाजपा की नजर’, अजय राय बोले- 17 फरवरी को करेंगे विधानसभा घेराव
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय ने शनिवार को लखनऊ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नई नीतियां और कानून सीधे तौर पर किसानों का उत्पीड़न कर रहे हैं। इस विरोध को सड़कों पर ले जाने के लिए कांग्रेस ने 17 फरवरी को विधानसभा घेराव का बड़ा फैसला लिया है।
जमीन छीनने की कोशिश कर रही है सरकार
अजय राय ने कहा कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार नए कानूनों के जरिए किसानों को उनकी अपनी ही जमीन से बेदखल करने की साजिश रच रही है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा, “किसानों का हर स्तर पर दमन हो रहा है और कांग्रेस इसे कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। हम गांव-गांव जाकर किसानों को सरकार की इन गलत नीतियों के बारे में जागरूक करेंगे।”
गांव-गांव पहुंचेगी कांग्रेस: ‘किसान अधिकार गांव संवाद’
किसानों को एकजुट करने के लिए कांग्रेस ने ‘किसान अधिकार गांव संवाद’ अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान के तहत कांग्रेस और किसान कांग्रेस के पदाधिकारी प्रदेश के कोने-कोने में जाएंगे और किसानों से सीधा संवाद करेंगे। अजय राय के मुताबिक, इस अभियान का मकसद भाजपा सरकार की असलियत को जनता के सामने लाना है।
शंकराचार्य और वाराणसी के मुद्दे पर भी घेरा
अजय राय ने धार्मिक और स्थानीय मुद्दों पर भी सरकार को आड़े हाथों लिया। इसके साथ ही शंकराचार्य के मनोनयन पर उठ रहे सवालों पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि जिस तरह योगी आदित्यनाथ को उनके गुरु ने पीठ सौंपी, उसी तरह शंकराचार्य का मनोनयन हुआ है। सवाल उठाने वालों को पहले खुद के इतिहास को देखना चाहिए।
काशी (वाराणसी) का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार विकास के नाम पर शहर की विरासत को तबाह कर रही है और पौराणिक घाटों का स्वरूप उजाड़ा जा रहा है।
Also Read: बरेली में पुलिस और गौकशों के बीच मुठभेड़, 18 मुकदमों वाला शातिर ‘राजू’ फायरिंग में घायल

