नेपाल संकट पर BJP ने पार्टी नेताओं को दी नो कमेंट की हिदायत

Sandesh Wahak Digital Desk: नेपाल में चल रही अस्थिरता और हिंसक प्रदर्शनों को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपने नेताओं को सख्त निर्देश जारी किए हैं। पार्टी ने सभी मंत्रियों, सांसदों और प्रवक्ताओं से नेपाल के मौजूदा हालात पर किसी भी तरह का बयान देने और सोशल मीडिया पर कमेंट करने से बचने को कहा है।

यह कदम नेपाल की संवेदनशील स्थिति को देखते हुए उठाया गया है। वहां दो दिनों तक हिंसा के बाद तख्तापलट हो चुका है, और अब अगली सरकार के गठन को लेकर चर्चा चल रही है। पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की को अंतरिम प्रधानमंत्री बनाने की खबरें भी सामने आ रही हैं। नेपाल सेना ने देश भर में सुरक्षा की कमान संभाल ली है और राजधानी काठमांडू में कर्फ्यू लगा हुआ है।

बीजेपी का मानना है कि यह भारत का एक करीबी पड़ोसी देश है और वहां की अस्थिरता का असर भारत के सीमावर्ती राज्यों, खासकर बिहार और उत्तर प्रदेश, पर पड़ सकता है। पार्टी नहीं चाहती कि उसके नेताओं का कोई भी बयान दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों को प्रभावित करे या नेपाल के भीतर कोई गलत संदेश दे।

सरकार की आधिकारिक लाइन का पालन करें

पार्टी सूत्रों के अनुसार, बीजेपी ने अपने लोगों से कहा है कि वे इस मुद्दे पर केवल भारत सरकार की आधिकारिक लाइन का पालन करें। सरकार इस पूरे मामले पर करीबी नजर बनाए हुए है और बेहद नपी-तुली प्रतिक्रिया दे रही है। बड़ी संख्या में भारतीय नागरिक भी नेपाल में फंसे हुए हैं, जिन्हें सुरक्षित निकालने के लिए सरकार हालात सामान्य होने का इंतजार कर रही है।

Also Read: स्टार्टअप से लेकर स्किल डेवलपमेंट तक, यूपी ट्रेड शो बनेगा युवाओं का हब

Get real time updates directly on you device, subscribe now.