Agra News: ताजमहल के पास फायरिंग करने वाला भाजपा नेता गिरफ्तार, बोला- मन किया तो चला दी गोली
Sandesh Wahak Digital Desk: ताजमहल के पश्चिमी गेट पार्किंग के पास सोमवार को हुई फायरिंग की घटना ने सबको चौंका दिया था। इस वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी, आजमगढ़ के भाजपा नेता और LIC एजेंट पंकज कुमार सिंह को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पंकज फायरिंग कर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था, जिसके बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।
लखनऊ पुलिस ने आरोपी पंकज को गिरफ्तार कर आगरा पुलिस को सौंप दिया है। पुलिस ने उसके पास से उसकी लाइसेंसी रिवाल्वर और तीन खाली कारतूस बरामद किए हैं। पूछताछ के दौरान आरोपी ने जो जवाब दिया, वह हैरान करने वाला था। उसने कहा, मेरा मन किया, इसलिए फायरिंग की थी।
ताजमहल गेट पर विवाद के बाद फायरिंग
सोमवार सुबह करीब 9:15 बजे, आरोपी पंकज कुमार सिंह अपनी अर्टिगा कार से ताजमहल के पश्चिमी गेट पर पहुंचे। आजमगढ़ के बलरामपुर निवासी पंकज ने खुद को भारत सरकार का अधिकारी बताया और अपनी गाड़ी को ताजमहल गेट तक ले जाने की जिद करने लगे। हालांकि, सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोक दिया और वहां से लौटा दिया। इसी बात से नाराज होकर पंकज ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से तीन हवाई फायरिंग कर दी, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
CCTV फुटेज से हुई पहचान
फायरिंग करने के बाद पंकज पुलिस को चकमा देकर दूसरी कार लेकर मौके से निकल गया। पुलिस ने तुरंत सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज से मिली एक कार की तस्वीर के सहारे पुलिस वृंदावन के टैक्सी चालक तक पहुंची। उसकी निशानदेही पर आगरा पुलिस ने लखनऊ पुलिस की मदद से महज सात घंटे में ही पंकज को लखनऊ के मानक नगर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
उधर, जब पंकज की पत्नी और भाई थाना ताजगंज पहुंचे, तो उन्होंने उसे मानसिक रोगी बताया। उन्होंने 2003 में लखनऊ के नूर मंजिल साइकियाट्रिक अस्पताल में उपचार के पर्चे भी दिखाए, लेकिन पुलिस का कहना है कि वे वर्तमान में उपचार के कोई कागज़ नहीं दिखा सके।
Also Read: UP STF: 10 साल से फरार 50 हजार का इनामी बदमाश चढ़ा STF के हत्थे, मुंबई से हुई गिरफ्तारी

