बदायूं में भाजपा नेता पर सरेआम हमला, दबंगों ने सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के बदायूं से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां भाजपा के बूथ अध्यक्ष को सरेआम सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। मामला कोतवाली क्षेत्र के सिद्धपुर कैथोली गांव का है, जहां भाजपा नेता चेतेनेंद्र पर कुछ दबंगों ने उस वक्त हमला किया, जब वह गांव के एक सैलून में बाल कटवा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, चेतेनेंद्र जैसे ही सैलून में बैठे, कुछ दबंग वहां पहुंचे और पहले गाली-गलौज शुरू कर दी, फिर उन्हें कॉलर पकड़कर बाहर खींचा और सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटना शुरू कर दिया। नेता ने खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन दबंगों ने उन्हें जमीन पर गिरा दिया और लगभग 50 मीटर तक घसीटते हुए ले गए। इतना ही नहीं, हमलावरों ने गला दबाकर जान लेने की भी कोशिश की। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह उनकी जान बचाई।
भाजपा नेता चेतेनेंद्र ने इस हमले को राजनीतिक साजिश बताया है। उनका कहना है कि 21 जून को गांव में भाजपा की एक बैठक हुई थी, जिसमें उन्होंने लोगों को पार्टी की नीतियों के बारे में बताया था। इसी से नाराज़ होकर कुछ भाजपा विरोधियों ने इस हमले की साजिश रची।
चेतेनेंद्र ने आरोप लगाया कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेने के बजाय केवल शांतिभंग की धाराओं में कार्रवाई कर मामला रफा-दफा कर दिया, जबकि हमला जानलेवा था। ग्रामीणों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है और भाजपा समर्थकों ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पीड़ित नेता के बयान के आधार पर उच्च अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच की उम्मीद जताई जा रही है।
Also Read: UP News: छात्रवृत्ति में देरी पर सियासत गर्म, मायावती बोलीं- हजारों दलित छात्रों का भविष्य अधर में

