Meerut News: संगीत सोम ने शाहरुख खान को बताया गद्दार, बोले- देश में रहने का हक नहीं
Meerut News: उत्तर प्रदेश भाजपा के कद्दावर नेता संगीत सोम एक बार फिर अपने बयानों के चलते विवादों में घिर गए हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एक जनसभा को संबोधित करते हुए संगीत सोम ने अभिनेता शाहरुख खान पर तीखा हमला बोला और उन्हें गद्दार तक कह डाला। सोम की नाराजगी की मुख्य वजह आईपीएल (IPL) में एक बांग्लादेशी क्रिकेटर की खरीद है।
संगीत सोम ने अपने भाषण में बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे हमलों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि एक तरफ पड़ोसी देश में हिंदुओं का कत्लेआम हो रहा है, वहीं दूसरी तरफ शाहरुख खान अपनी टीम के लिए बांग्लादेशी खिलाड़ी को करोड़ों रुपये में खरीद रहे हैं। सोम ने कहा, शाहरुख खान ने बांग्लादेश के क्रिकेटर रहमान को करीब 9 करोड़ रुपये में खरीदा है। ऐसे लोगों को भारत में रहने का हक नहीं है। उन्होंने अपराधियों को चेतावनी देते हुए कहा कि योगी सरकार में अतीक अहमद जैसे बड़े-बड़े माफिया ‘अल्लाह मियां को प्यारे’ हो गए, अब देश में गद्दारी नहीं चलेगी।
भाजपा नेता संगीत सोम ने शाहरुख खान को देश का गद्दार कहा है। सोम ने कहा कि एक तरफ बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्या हो रही है, वहीं शाहरुख खान आईपीएल में बांग्लादेशी क्रिकेटर रहमान को लगभग 9 करोड़ में खरीद रहे हैं। #meerut #sanjeetsom #bjp pic.twitter.com/wfCeQiU0Gn
— Pawan Kumar Sharma (@pawanks1997) December 31, 2025
देश के पैसे से गद्दारी बर्दाश्त नहीं
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में संगीत सोम कहते नजर आ रहे हैं। शाहरुख खान जैसे लोगों को समझना चाहिए कि उन्हें इस मुकाम तक देश की जनता ने पहुँचाया है। पैसा यहाँ के लोगों से लेते हैं और गद्दारी देश के साथ करते हैं। कभी पाकिस्तान को चंदा देने की बात करते हैं, तो कभी रहमान जैसे खिलाड़ियों को खरीदते हैं। अब रहमान जैसे खिलाड़ी यहाँ खेलने आएंगे, तो घर के बाहर कदम नहीं रख पाएंगे।
यह पहली बार नहीं है जब संगीत सोम ने इस तरह का बयान दिया है। मुजफ्फरनगर दंगों से लेकर ताजमहल पर दिए बयानों तक, वे अक्सर अपनी कट्टर छवि और विवादित बोलों के लिए चर्चा में रहते हैं। हालांकि, शाहरुख खान की तरफ से या उनकी टीम की ओर से इस बयान पर फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। विपक्ष इस बयान को समाज में ध्रुवीकरण पैदा करने की कोशिश बता रहा है।
Also Read: सिद्धार्थनगर: अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश; पिकअप के साथ दो शातिर गिरफ्तार

