‘न कभी मालकिन थी, न हूं’, विवादास्पद फ्लैट पर BJP नेत्री शालिनी यादव की सफाई

Sandesh Wahak Digital Desk: पिछले दो दिनों से सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों के बाद, भाजपा नेत्री शालिनी यादव और उनके पति अरुण यादव ने बृहस्पतिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर स्पष्ट किया कि जिस फ्लैट में कथित तौर पर अवैधानिक गतिविधियां पकड़ी गईं, उससे उनका कोई सीधा संबंध नहीं है। उन्होंने इस पूरे मामले को विपक्षी दलों द्वारा बदनाम करने की सोची-समझी रणनीति बताया।

शालिनी यादव का बयान: झूठे आरोप निराधार

भाजपा नेत्री शालिनी यादव ने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जानबूझकर तथ्यों को तोड़-मरोड़कर झूठी खबरें फैलाई जा रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिस फ्लैट के संबंध में देह व्यापार पकड़े जाने की खबर फैलाई गई, वह न तो कभी उसकी मालकिन थीं और न ही वर्तमान में हैं।

उन्होंने पुलिस रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि पुलिस ने उस फ्लैट से मात्र तीन महिलाओं को थाने ले जाने की बात कही थी, जिन्हें पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। जबकि 13 लोगों की गिरफ्तारी की बात पूरी तरह से तथ्यहीन है और यह अफवाह विपक्षी दलों द्वारा फैलाई गई है।

शालिनी यादव ने कहा कि वह राज्यसभा के पूर्व सभापति और केंद्रीय मंत्री की बहू हैं। उन्होंने बिना तथ्यों का सत्यापन किए घृणित लांछन लगाने को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि उनके लीगल सहयोगी ऐसे सभी पोस्ट और समाचारों का अध्ययन कर रहे हैं जिनके खिलाफ मानहानि और आईपीसी एक्ट में मुकदमा दर्ज कराया जा सके।

पति अरुण यादव ने दी फ्लैट के स्वामित्व की जानकारी

शालिनी यादव के पति अरुण यादव ने प्रेस वार्ता में फ्लैट के स्वामित्व और किराएदारी की स्थिति स्पष्ट की। अरुण यादव ने बताया कि सिगरा स्थित शक्ति शिखा बिल्डिंग का फ्लैट नंबर 112 वर्ष 1999 से उन्हीं के नाम पर है, और बिजली, जल कर, निगम कर का कनेक्शन भी उन्हीं के नाम पर है।

उन्होंने बताया कि यह फ्लैट 1 अप्रैल 2025 से अश्वनी त्रिपाठी पुत्र गोपाल त्रिपाठी को एग्रीमेंट के माध्यम से किराए पर दिया गया है। अरुण यादव ने कहा कि पुलिस ने जो FIR दर्ज की है, उसमें फ्लैट स्वामी (यानी उनका) या शालिनी यादव का नाम कहीं भी जिक्र नहीं है, और गिरफ्तारी मेलोडी स्पा और किराएदार के यहां दो अलग-अलग स्थानों पर हुई थी। अरुण यादव ने सोशल मीडिया पर 13 लोगों की गिरफ्तारी उनके फ्लैट से होने की खबरों को पूर्णतः निराधार बताया।

Also Read: 2047 का भारत होगा आत्मनिर्भर और विकसित, CM योगी आदित्यनाथ ने पंच प्रण को बताया ‘शाश्वत मंत्र’

Get real time updates directly on you device, subscribe now.