भाजपा नेता श्यामलाल धाकड़ की धारदार हथियार से हत्या, अवैध संबंध के मामले में जांच कर रही पुलिस
Sandesh Wahak Digital Desk: मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के नाहरगढ़ थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक युवा नेता श्यामलाल धाकड़ की अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम हिंगोरिया बड़ा के रहने वाले भाजपा नेता श्यामलाल धाकड़ गुरुवार रात को अपने घर की दूसरी मंजिल पर सोने गए थे। लेकिन, शुक्रवार सुबह जब वे उठकर नीचे नहीं आए, तो परिजनों को कुछ गड़बड़ होने का अंदेशा हुआ। ऊपर जाकर देखने पर उन्हें श्यामलाल का शव मिला, जिससे पूरे परिवार में मातम छा गया। इस जघन्य हत्याकांड की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी तुरंत मौके पर पहुँच गए और मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है।
आपको बता दें कि मृतक भाजपा नेता श्यामलाल धाकड़ को मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और सांसद सुधीर गुप्ता का करीबी बताया जा रहा है। ऐसे में इस हाई-प्रोफाइल मामले में पुलिस पर जल्द से जल्द हत्यारों को पकड़ने का दबाव बढ़ गया है। हत्या के पीछे के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।
गौरतलब है श्यामलाल धाकड़ उस वक्त सुर्खियों में आए थे जब उनका एक वीडियो हाइवे पर महिला के साथ वायरल हुआ था। मामले में फिलहाल पुलिस अवैध संबंध वाले एंगल से भी जांच कर रही है। भाजपा नेता श्यामलाल धाकड़ की हत्या के मामले को लेकर पुलिस विभाग ने बड़ा फैसला लिया है।
मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन किया है, जिसमें 7 सदस्य होंगे। इसके साथ ही पुलिस ने दावा करते हुए कहा है कि हत्याकांड से जुड़े सभी आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर मामले का खुलासा होगा।
Also Read: ‘आप’ अकेले लड़ेगी बिहार विधानसभा का चुनाव: संजय सिंह

