भाजपा विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल की अंत्येष्टि आज, श्रद्धांजलि देने बरेली पहुंचेंगे CM योगी, शहर में भारी रूट डायवर्जन
बरेली: फरीदपुर से भारतीय जनता पार्टी के विधायक प्रोफेसर श्याम बिहारी लाल का शनिवार दोपहर फरीदपुर के स्टेशन रोड स्थित श्मशान भूमि पर अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके आकस्मिक निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने और श्रद्धांजलि देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज सुबह बरेली पहुंच रहे हैं। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और सुरक्षा अमला पूरी तरह अलर्ट पर है।
मुख्यमंत्री का प्रस्तावित कार्यक्रम
सीएम योगी सुबह करीब 11 बजे बरेली पहुंचेंगे और शक्तिनगर स्थित विधायक के आवास पर जाकर उनके परिजनों से भेंट करेंगे। मुख्यमंत्री दिवंगत विधायक को पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इस दौरान प्रदेश सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री और दिग्गज नेता भी मौजूद रहेंगे। दोपहर में फरीदपुर स्थित श्मशान भूमि पर राजकीय सम्मान के साथ विधायक की अंत्येष्टि की जाएगी।
लगातार दो जीत का रिकॉर्ड और पीएम का शोक
डॉ. श्याम बिहारी लाल ने फरीदपुर विधानसभा में लगातार दो बार चुनाव जीतकर एक नया रिकॉर्ड बनाया था। 1 जनवरी को अपना 60वां जन्मदिन मनाने के अगले ही दिन शुक्रवार को सर्किट हाउस में बैठक के दौरान उन्हें दिल का दौरा पड़ा था। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी गहरा शोक व्यक्त किया है।
यातायात व्यवस्था: रूट डायवर्जन लागू
वीआईपी मूवमेंट और सुरक्षा के मद्देनजर शहर में सुबह 6 बजे से ही भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। दिल्ली, रामपुर और नैनीताल से आने वाले भारी वाहन झुमका तिराहे से बड़ा बाईपास होकर फरीदपुर और लखनऊ की ओर भेजे जा रहे हैं। दिल्ली व रामपुर की बसें इन्वर्टिस तिराहा होकर सैटेलाइट बस स्टैंड तक आएंगी। सैटेलाइट से पीलीभीत रोड की तरफ बसों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। बदायूं से आने वाले वाहन भमोरा, देवचरा और दातागंज होकर गुजारे जा रहे हैं।
Also Read: कफ सिरप: शुभम समेत 6 पर गैर-जमानती वारंट, 50 हजार के इनामी महेश सिंह ने किया सरेंडर

