लखनऊ में BJP विधायक ने महिगवां थाना घेरा, ‘फर्जी चालान और भ्रष्टाचार’ के आरोप पर SI-सिपाही लाइन हाजिर
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ में बख्शी का तालाब (BKT) से भाजपा विधायक योगेश शुक्ला गुरुवार देर शाम एक्शन में दिखे। पुलिस द्वारा अवैध वसूली और भ्रष्टाचार की लगातार मिल रही शिकायतों से नाराज़ विधायक ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ महिगवां थाने का घेराव कर दिया। विधायक के आरोपों की गंभीरता को देखते हुए, डीसीपी ने तत्काल प्रभाव से आरोपी एसआई और एक सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया है।
आरोप: फर्जी चालान और धमकाने का काम
विधायक योगेश शुक्ला ने थाने में मौजूद एसआई धीरेंद्र राय और सिपाही पप्पू कुशवाहा पर गंभीर आरोप लगाए। विधायक ने आरोप लगाया कि महिगवां पुलिस टारगेट पूरा करने के लिए फर्जी चालान काट रही है। उन्होंने हनुमंतपुर के प्रधान शंकर चौहान का उदाहरण दिया, जिनकी मोटरसाइकिल छह दिन पहले सभी कागजात होने के बावजूद सीज कर दी गई थी। विधायक ने बताया कि इंस्पेक्टर ने गाड़ी छुड़ाने के लिए कागज़ कोर्ट भेजने की बात कही थी, लेकिन छह दिन बाद भी कागजात कोर्ट नहीं पहुंचे।
पहाड़पुर निवासी गणेश लोधी का ₹2,000 का मोबाइल बरामद होने के बाद एसआई द्वारा रुपए मांगे जाने का आरोप लगाया गया। जब विधायक ने फोन कर दरोगा से पूछताछ की, तो दरोगा ने उल्टा शिकायतकर्ता को ही धमकाना शुरू कर दिया।
तनाव और डीसीपी की कार्रवाई
विधायक और उनके समर्थकों ने थाना परिसर में पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। मामले की जानकारी मिलते ही डीसीपी कृष्णा चौधरी ने तुरंत विधायक से बात की। करीब एक घंटे की बातचीत के बाद स्थिति सामान्य हुई। डीसीपी कृष्णा चौधरी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी एसआई धीरेंद्र राय और सिपाही पप्पू कुशवाहा को लाइन हाजिर कर दिया है। साथ ही, दोनों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। विधायक योगेश शुक्ला ने कहा कि पिछले कुछ महीनों से भ्रष्टाचार के कई मामले उनके संज्ञान में आए थे, जो बेहद गंभीर हैं।
Also Read: SIR पर आर-पार के मूड में विपक्ष: CEC के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाने की तैयारी में INDIA गठबंधन

