गाजीपुर का नाम बदलने के लिए बीजेपी विधायक ने केंद्र व राज्य सरकार को लिखी चिट्ठी

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में नाम बदलने की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। बलिया जिले की बांसडीह विधानसभा सीट से भाजपा विधायक केतकी सिंह ने गाजीपुर जिले का नाम बदलने की मांग की है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से अपील की है कि गाजीपुर का नाम बदलकर ‘महर्षि गौतम’ के नाम पर रखा जाए, जो महर्षि परशुराम के पिता थे।

गाजीपुर का नाम हमें कलंक की याद दिलाता है

विधायक केतकी सिंह ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक पत्र भी लिखा है। उन्होंने कहा, ऐसे सभी नाम जो हमें हमारे कलंक की याद दिलाते हैं, जो विदेशी हमलावरों का महिमामंडन करते हैं, उन्हें हटा देना चाहिए। जिन महापुरुषों की यह जन्मस्थली रही है, उसका नाम उनके नाम पर रखा जाना चाहिए। इसी सोच के तहत मैं चाहती हूं कि गाजीपुर का नाम बदला जाए। उन्होंने दावा किया कि गाजीपुर का इतिहास महर्षि गौतम से जुड़ा है और नाम बदलने से आने वाली पीढ़ी को प्रेरणा मिलेगी।

अकबर की महानता लाखों हिंदुओं की लाशों पर लिखी गई

नाम बदलने के पीछे अपनी दलील देते हुए उन्होंने कहा, जो देश अपना इतिहास भूल जाता है, वह अपना भविष्य कैसे बना सकता है? अगर आप अपना मूल भूल जाएंगे, तो आप कभी भविष्य नहीं बना पाएंगे। भाजपा विधायक ने अकबर पर भी निशाना साधा और कहा, हमने पढ़ा है कि अकबर महान थे, लेकिन उनकी महानता लाखों हिंदुओं की लाशों पर लिखी गई है।

यह पहली बार नहीं है जब उत्तर प्रदेश में नाम बदलने की मांग उठी है। इससे पहले मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने भी बरेली में शाहजहांपुर जिले का नाम बदलने की मांग की थी।

Also Read: Lucknow News: ‘केशव चाचा न्याय करो…’, अभ्यर्थियों ने घेरा डिप्टी सीएम का आवास, जमकर की नारेबाजी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.