इटावा कथावाचक विवाद पर BJP सांसद साक्षी महाराज का विवादित बयान, बोले – ‘क्या ये रोहिंग्या है या आतंकवादी?’

Sandesh Wahak Digital Desk: इटावा के कथावाचक विवाद ने राजनीतिक सुर्खियां बटोर ली हैं। इस मामले पर बीजेपी सांसद साक्षी महाराज ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कथावाचक मुकुट मणि यादव पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक ही शख्स के पास दो आधार कार्ड कैसे हो सकते हैं—एक में ब्राह्मण, तो दूसरे में यादव। उन्होंने कहा, “क्या ये रोहिंग्या है या कोई आतंकवादी जो छिपकर रह रहा है? यादव बनकर कथा करो, इसमें कोई गलत नहीं, लेकिन लोगों को भ्रमित करना सही नहीं।”

साक्षी महाराज ने इस मामले को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर भी जमकर हमला बोला। उनका कहना है कि सपा के दिमाग में जातिवाद की राजनीति भरी हुई है, जो देश को बांटने का काम कर रही है। उन्होंने कहा, “छद्म वेश में आकर लोगों को धोखा देना अपराध है।” पौराणिक कथा का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि रावण ब्राह्मण था और राम ठाकुर। राम ने रावण का वध इसलिए किया क्योंकि उसने छल किया था। “देश में जाति से नहीं, गुणों से पूजा की जाती है,” उन्होंने कहा।

साथ ही, साक्षी महाराज ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर भी निशाना साधा। राहुल गांधी को ‘पप्पू’ कहकर कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा कि कांग्रेस ने 70 साल में देश को बर्बाद किया, जबकि प्रधानमंत्री मोदी ने 11 साल में विकास का नया इतिहास लिखा। उन्होंने कांग्रेस पर संविधान की अवहेलना करने, कश्मीर समस्या पैदा करने और देश का विभाजन कराने का आरोप भी लगाया।

क्या है इटावा कथावाचक विवाद?

यह विवाद 21 जून को इटावा के दांदरपुर गांव में हुआ। भागवत कथा के दौरान कथावाचक मुकुट मणि यादव और संत सिंह यादव के साथ मारपीट और अपमान की खबरें आईं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कथावाचकों ने अपनी यादव जाति छुपाकर ब्राह्मण बनकर कथा की, जिससे नाराजगी फैली। साथ ही यजमान रेनू तिवारी ने मुकुट मणि पर छेड़खानी का भी आरोप लगाया।

यह मामला वायरल वीडियो के बाद चर्चा में आया। पुलिस ने अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया है और कथावाचकों के खिलाफ फर्जी आधार कार्ड और धोखाधड़ी की FIR दर्ज की गई है।

Also Read : ईरान-इजरायल संघर्ष थमने के बाद अयातुल्ला खामेनेई की चुप्पी ने बढ़ाई बेचैनी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.