बसपा से ज्यादा बीजेपी को आकाश आनंद की जरूरत, अखिलेश यादव ने कसा तंज
Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने बहुजन समाज पार्टी की हालिया रैली पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि आज बहुजन समाज पार्टी को जितनी जरूरत आकाश आनंद की है, उससे कहीं ज्यादा जरूरत भारतीय जनता पार्टी को है। अखिलेश का यह बयान बसपा सुप्रीमो मायावती के हालिया रुख़ और रैली के राजनीतिक संदेश के बाद आया है।
बसपा की रैली पर अखिलेश का वार
यहां गत 9 अक्टूबर को लखनऊ में आयोजित बसपा की रैली में मायावती ने भारतीय जनता पार्टी पर नरम रुख अपनाते हुए कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर हमला बोला था। इतना ही नहीं, उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए कहा था कि सरकार कई मामलों में अच्छा काम कर रही है। इसी के साथ मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद को आगे बढ़ाने की अपील भी की थी।
इसी रैली को लेकर जब अखिलेश यादव से पूछा गया कि क्या इससे सपा का PDA (पिछड़ा-दलित-अल्पसंख्यक) समीकरण कमजोर हो रहा है, तो उन्होंने मुस्कराते हुए जवाब दिया, यहां सारे पत्रकार जानते हैं कि बहुजन समाज पार्टी को जितनी जरूरत आकाश आनंद की है, उससे कहीं ज्यादा जरूरत भारतीय जनता पार्टी को है। वहीं अखिलेश का यह बयान न केवल बसपा पर व्यंग्य था बल्कि भाजपा पर अप्रत्यक्ष हमला भी माना जा रहा है, जो अक्सर विपक्षी दलों में सेंध लगाने की रणनीति पर काम करती रही है।

जयप्रकाश नारायण पर सरकार को घेरा
वहीं लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती पर अखिलेश यादव ने योगी सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि समाजवादी विचारधारा को खत्म करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा, हम लोग संकल्प लेते हैं कि जो जयप्रकाश जी के नाम पर सोशलिस्ट म्यूजियम JPNIC बना था, उसे बिकने नहीं देंगे।
अखिलेश ने आगे कहा कि, जयप्रकाश नारायण ने जिस ‘संपूर्ण क्रांति’ का नारा दिया था, वह आज भी उतना ही प्रासंगिक है। देश तभी खुशहाल हो सकता है जब समाज समाजवादी मूल्यों से संचालित होगा। उन्होंने कहा, हमारा सिद्धांत नहीं बदला है, और सिद्धांत कभी बदलना भी नहीं चाहिए।
महिलाओं को मिलना चाहिए बराबर का अधिकार
वहीं बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर अखिलेश ने कहा कि हमें जहां बुलाया जाएगा, हम वहां जाएंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं को बराबर का अधिकार मिलना जरूरी है क्योंकि आधी आबादी के बिना कोई समाज खुशहाल नहीं हो सकता।
वहीं हरियाणा में दलित आईपीएस अधिकारी की आत्महत्या पर अखिलेश यादव ने दुख जताया। उन्होंने कहा कि अगर किसी अधिकारी को जाति के आधार पर अपमानित किया गया, तो यह बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने आगे कहा कि एक चीफ जस्टिस पर जूता फेंकना देश की न्यायिक व्यवस्था के लिए शर्मनाक घटना है।
बीजेपी पर तीखा हमला
वहीं सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा PDA से डर गई है और इसी वजह से वह लगातार जातीय समीकरणों में उलझी हुई है। उन्होंने कहा कि यह लोग जातीय राजनीति को अपनी चुनावी होशियारी बताते हैं, लेकिन जब उसी से हारने लगते हैं तो कोर्ट भागते हैं।
Also Read: बिहार चुनाव में उतरेंगे योगी आदित्यनाथ, करेंगे 20 से अधिक रैलियां

