Rahul Gandhi के घर के बाहर BJP का विरोध प्रदर्शन, AI समिट में हंगामे को लेकर बढ़ा सियासी संग्राम
Sandesh Wahak Digital Desk: इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के शर्टलेस प्रदर्शन को लेकर राजनीति गरमा गई है। इस घटना के बाद बीजेपी नेताओं द्वारा राहुल गांधी (Rahul Gandhi), सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी को निशाने पर लिया गया। इसके बाद कई युवक राहुल गांधी के आवास पर पहुंचकर प्रदर्शन करने लगे। राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के घर के बाहर नारेबाजी की गई और पोस्टर लहराए गए। मौके पर मौजूद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।
Rahul Gandhi के आवास के बाहर नारेबाजी
राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के आवास के बाहर प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के यूथ कार्यकर्ताओं ने एआई समिट में प्रदर्शन कर देश को बदनाम किया है और राहुल गांधी देश को गुमराह कर रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी के खिलाफ पोस्टर लहराए गए और जमकर नारेबाजी की गई। प्रदर्शनकारियों ने राहुल शेम शेम के नारे भी लगाए। दिल्ली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें रोका और हिरासत में ले लिया।
भारत मंडपम में आयोजित एआई समिट के दौरान प्रदर्शन करने वालों में से चार लोगों को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अन्य लोगों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। गिरफ्तार किए गए लोगों में भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव कृष्णा हरि, यूथ कांग्रेस के बिहार राज्य सचिव कुंदन यादव, भारतीय युवा कांग्रेस के उत्तर प्रदेश राज्य के उपाध्यक्ष अजय कुमार और युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय समन्वयक नरसिम्हा यादव शामिल हैं।
पुलिस से हाथापाई और जांच
जानकारी के अनुसार समिट में प्रदर्शन करने वालों ने पुलिस के साथ बदसलूकी और हाथापाई भी की। दिल्ली पुलिस इस घटना को एक बड़ी साजिश मानकर जांच कर रही है। प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया जाएगा।
दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक पूछताछ में प्रदर्शनकारियों ने बताया कि पहले उनका काली छतरी लेकर भारत मंडपम में प्रदर्शन करने का प्लान था, लेकिन पकड़े जाने के डर से उन्होंने योजना बदल दी। इसके बाद टीशर्ट प्रिंट करवाई गईं, जिन्हें जैकेट के अंदर छिपाकर ले जाया गया। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि टीशर्ट कहां से प्रिंट करवाई गईं।
BJP का आरोप और प्रतिक्रिया
एआई समिट में हुए प्रदर्शन पर बीजेपी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। बीजेपी नेता संबित पात्रा ने इसे सोची समझी रणनीति के तहत किया गया प्रदर्शन बताया। उन्होंने दावा किया कि यह अचानक हुई घटना नहीं थी, बल्कि इसकी योजना राहुल गांधी(Rahul Gandhi) , सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी की उपस्थिति में राहुल गांधी के आधिकारिक आवास पर बनाई गई थी।
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि जब देश आगे बढ़ता है तो कुछ लोगों को तकलीफ होती है। उन्होंने कहा कि भारत अब दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और ऐसे अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में बाधा डालना प्रगति को रोकने की कोशिश है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि इस तरह का व्यवहार अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की प्रतिष्ठा को धूमिल करने का प्रयास है।
Also Read: बरेली: मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का सुनहरा मौका, जिले के 3835 बूथों पर लगेगा विशेष कैंप

