BJP का Rahul Gandhi पर निशाना: ‘चुनाव आयोग पर भरोसा नहीं तो लोकसभा से इस्तीफा दें’

Sandesh Wahak Digital Desk : भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने शनिवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर जोरदार हमला बोलते हुए उनसे लोकसभा सदस्यता से इस्तीफा देने की मांग की। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि अगर राहुल गांधी को चुनाव आयोग पर भरोसा नहीं है तो उन्हें “नैतिक आधार” पर इस्तीफा देना चाहिए।

भाटिया ने कहा, “राहुल गांधी, अगर आपको चुनाव आयोग और सुप्रीम कोर्ट के फैसलों पर भरोसा नहीं है, तो पहले लोकसभा सदस्यता से इस्तीफा दें।” उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा को भी संसद से इस्तीफा देना चाहिए, क्योंकि उन्होंने भी चुनाव आयोग पर सवाल उठाए हैं।

भाटिया ने आगे कहा, “जो फैसला आपको पसंद आए, उसे मान लिया। जो नहीं पसंद आया, उस पर सवाल उठा दिए। यह दोहरा रवैया बंद होना चाहिए।”

“कर्नाटक, तेलंगाना और हिमाचल के सीएम भी इस्तीफा दें”

बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि अगर कांग्रेस को चुनाव प्रक्रिया पर भरोसा नहीं है, तो उसके शासित राज्यों—कर्नाटक, तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश—के मुख्यमंत्रियों को भी इस्तीफा देना चाहिए।

भाटिया ने सुप्रीम कोर्ट के एक पुराने फैसले का हवाला देते हुए कहा कि शीर्ष अदालत ने चुनाव आयोग को एक निष्पक्ष संस्था माना है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह चुनाव आयोग के फैसले तभी मानती है जब वे उसके पक्ष में होते हैं।

राहुल गांधी का जवाब

चुनाव आयोग ने राहुल गांधी से उनके “वोट चोरी” के दावों को साबित करने के लिए एक हलफनामा पेश करने को कहा था। इस पर राहुल ने जवाब दिया कि उन्होंने संसद में संविधान की शपथ ले रखी है और यही उनकी प्रतिबद्धता है।

क्या है पूरा मामला?

राहुल गांधी ने हाल में चुनाव आयोग पर “वोट चोरी” और “लोकतंत्र को कमजोर करने” का आरोप लगाया था। बीजेपी ने इन आरोपों को बिना सबूत के बताया है और कहा है कि कांग्रेस लगातार संस्थाओं पर अविश्वास जताकर लोकतंत्र को नुकसान पहुंचा रही है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.