Mathura News: दशहरा मेला देखकर लौट रहे बीजेपी कार्यकर्ता के भतीजे की गोली मारकर हत्या

Mathura News: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। छाता थाना क्षेत्र में दशहरा मेला देखकर घर लौट रहे एक बीजेपी कार्यकर्ता के भतीजे की गोवर्धन चौराहे फ्लाई ओवर के नीचे गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात गुरुवार रात करीब 10:30 बजे हुई। गोली लगने से युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार, बीजेपी कार्यकर्ता सुघड सिंह निवासी आजनौक के भतीजे अजीत सिंह गुरुवार शाम को अपने दोस्तों के साथ दशहरा मेला देखने गए थे। मेले से वापस लौटते समय रात साढ़े दस बजे जब वह गोवर्धन चौराहे फ्लाई ओवर के नीचे पहुँचे, तभी उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और जल्द ही बीजेपी कार्यकर्ता के बेटे को फोन पर घटना की जानकारी दी गई।

मृतक के परिजनों ने इस हत्या में चार लोगों के शामिल होने की आशंका जताई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लिया। छाता थाना प्रभारी कमलेश सिंह ने बताया कि पुलिस ने कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पुलिस हत्या के कारणों का पता लगा रही है और वारदात में शामिल सभी लोगों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Also Read: अलीगढ़ अभिषेक हत्याकांड: 25,000 इनामी शूटर आसिफ गिरफ्तार, हथियार और नकदी बरामद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.