शादी के दौरान हर्ष फायरिंग में बीजेपी कार्यकर्ता की गोली लगने से मौत, लाइसेंसी पिस्टल से चली गोली
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में शादी समारोह के दौरान की गई हर्ष फायरिंग एक भाजपा कार्यकर्ता के लिए जानलेवा साबित हुई। जिले के चोला थाना क्षेत्र के खानपुर गांव में हुए इस हादसे में गोली लगने से भाजपा कार्यकर्ता धर्मेंद्र भाटी की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, ककोड़ थाना क्षेत्र के अजयनगर से शिवम की बारात खानपुर आई थी।
यह घटना 27 नवंबर की रात उस समय हुई जब बारात की रस्में चल रही थीं और दूल्हा बाढ़ौती की रस्म के लिए दरवाजे पर पहुँचा था। लड़की के परिवार में मौजूद सुग्रीव सोलंकी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से फायर करने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि बार-बार ट्रिगर दबाने पर भी पिस्टल नहीं चली। जबरन फायर करवाने की कोशिश में अचानक गोली चल गई। उसी समय सामने कुर्सी पर बैठे भाजपा कार्यकर्ता एवं अजय नगर निवासी धर्मेंद्र भाटी की छाती में गोली जा लगी।
गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। धर्मेंद्र भाटी को आनन-फानन में नोएडा के एक अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद खुशी में डूबा विवाह समारोह पूरी तरह मातम में बदल गया। सूचना पर अपर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शंकर प्रसाद और चोला थाना प्रभारी मौके पर पहुँचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी बलराम सिंह सेंगर ने बताया कि अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, तहरीर के आधार पर आरोपित के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: उत्तर प्रदेश सरकार का अहम फैसला, जन्मतिथि प्रमाण के रूप में अब मान्य नहीं होगा आधार कार्ड

