BJP की ‘आइडियोलॉजी’ बनाम PDA के वोट, सपा अध्यक्ष ने वोटर लिस्ट को लेकर खोला मोर्चा

Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा मुद्दों के दम पर चुनाव नहीं जीत सकती, इसलिए अब वह वोटर लिस्ट में हेराफेरी करके चुनाव जीतना चाहती है।

“मुख्यमंत्री को कैसे पता कि 4 करोड़ वोट कटेंगे?”

अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री के एक पुराने बयान का हवाला देते हुए पूछा कि जब ड्राफ्ट सूची आई ही नहीं थी, तो मुख्यमंत्री को कैसे पता चला कि 4 करोड़ वोट कटने जा रहे हैं? उन्होंने कहा, “कन्नौज के पूर्व सांसद कह रहे हैं कि जिले में तीन लाख वोट कट गए हैं। अगर भाजपा के लोग ही यह सब बता रहे हैं, तो चुनाव आयोग की साख (Credibility) का क्या होगा?”

PDA समाज का वोट काटने की साजिश

सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि खास तौर पर PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समाज के वोट काटने के लिए ‘आइडियोलॉजी’ वाले अफसरों को उन बूथों पर तैनात किया जा रहा है। पंचायत चुनाव और विधानसभा चुनाव की वोटर लिस्ट में जमीन-आसमान का अंतर है। जब बीएलओ (BLO) एक ही है, तो सूचियां अलग कैसे हो गईं? अखिलेश ने दावा किया कि भाजपा फर्जी आधार कार्ड बनवा रही है। उन्होंने मांग की कि आधार कार्ड अब ‘मेटल’ का होना चाहिए ताकि उसमें छेड़छाड़ न हो सके। उन्होंने गंभीर आरोप लगाया कि चुनाव आयोग SIR के बहाने देश में चोरी-छिपे एनआरसी (NRC) लागू करने की कोशिश कर रहा है।

सपा की मांग: BLA के सामने ही कटे वोट

अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग के सामने अपनी कुछ सख्त मांगें रखी हैं। उन्होंने मांग कि है कि किसी भी वोटर का नाम काटा जाए तो वह बीएलए (BLA) की मौजूदगी में ही होना चाहिए। वोट काटने के बाद उसकी सूची सार्वजनिक रूप से चस्पा (Display) की जाए। अगर कहीं भी गड़बड़ी मिली, तो ‘PDA प्रहरी’ और बीएलए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कराएंगे।

मैपिंग के नाम पर 2 करोड़ लोग ‘गायब’

अखिलेश ने कहा कि चुनाव आयोग मैपिंग के नाम पर लगभग 2 करोड़ लोगों को ‘अनमैप्ड’ कर रहा है। उन्होंने इसे विपक्ष के वोट बैंक को खत्म करने की सोची-समझी रणनीति बताया। उन्होंने चेतावनी दी कि समाजवादी पार्टी का हर कार्यकर्ता अब बूथ स्तर पर सतर्क रहेगा और भाजपा की इस ‘डिजिटल हेराफेरी’ को सफल नहीं होने देगा।

Also Read: कुशीनगर: ATM केबिन में ‘मददगार’ बनकर आया और 40 हजार ले उड़ा, शातिर की तलाश तेज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.