लखनऊ एयरपोर्ट पर पकड़ी गई ब्लैकलिस्टेड थाई नागरिक, फर्जी पासपोर्ट से कर रही थी यात्रा
Lucknow News: लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इमिग्रेशन अधिकारियों ने गुरुवार सुबह एक थाई महिला को गिरफ्तार किया है। यह महिला फर्जी पासपोर्ट और दस्तावेजों के साथ बैंकॉक जाने की कोशिश कर रही थी, लेकिन सुरक्षा जाँच में उसके कागजात संदिग्ध पाए गए। महिला की पहचान थोंगफुन चायफा उर्फ दरिन चोकथनपट के रूप में हुई है।
अधिकारियों ने बताया कि यह महिला पहले से ही भारत में यात्रा के लिए ब्लैकलिस्टेड थी। उसके पास से तीन फर्जी पासपोर्ट, दो थाई आईडी, बोर्डिंग पास और दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।
जाँच में पता चला कि महिला ने मार्च 2025 में एग्जिट परमिट पर भारत छोड़ा था, लेकिन 31 जुलाई 2025 को वह रक्सौल बॉर्डर से नेपाल के रास्ते अवैध रूप से फिर से भारत में घुस आई। पूछताछ में उसने बताया कि लखनऊ निवासी जसविंदर सिंह ने अपने साथियों की मदद से उसके लिए कई फर्जी पासपोर्ट बनवाए।
पुलिस की लापरवाही पर उठे सवाल
इस मामले में पुलिस की लापरवाही भी सामने आई है। खुफिया एजेंसियों ने 13 अगस्त को ही इस महिला और जसविंदर सिंह की जानकारी लखनऊ के अधिकारियों को दे दी थी। उस समय पुलिस ने इन दोनों को हिरासत में भी लिया था, लेकिन बिना कोई केस दर्ज किए उन्हें जाने दिया गया। यह लापरवाही अब सवालों के घेरे में है। फिलहाल, महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Also Read: Dream11, MPL समेत सभी रियल मनी गेमिंग ऐप्स पर लगा बैन, सरकार ने बताया ‘जुआ और सट्टा’

