क्वेटा में बलोचिस्तान नेशनल पार्टी की रैली में धमाका, 13 की मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: पाकिस्तान के क्वेटा शहर में हुए एक भीषण धमाके ने पूरे शहर में दहशत फैला दी। यह धमाका बलोचिस्तान नेशनल पार्टी (BNP) की एक रैली के खत्म होने के तुरंत बाद हुआ। इस हमले में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है और 31 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं।
एक चश्मदीद, जमान बलोच, जो खुद भी इस धमाके में घायल हुए हैं, ने बताया कि रैली खत्म होने के बाद वे अपने दोस्त का इंतजार कर रहे थे तभी अचानक एक जोरदार धमाका हुआ। उन्होंने कहा, धमाके के बाद हर तरफ अफरातफरी मच गई, लोग जमीन पर पड़े थे और चीख-पुकार मच रही थी।
BNP के केंद्रीय सूचना सचिव आगा बलोच ने पुष्टि की है कि यह धमाका नवाब नियाज जेहरी के वाहन के पास हुआ था। उन्होंने यह भी बताया कि हमले में पार्टी के कुछ निजी सुरक्षाकर्मी भी मारे गए हैं।
बलोचिस्तान सरकार ने इस घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। मुख्यमंत्री मीर सरफराज बुगती ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे मानवता के दुश्मनों की कायरतापूर्ण हरकत बताया। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों के नापाक इरादों को हर कीमत पर नाकाम किया जाएगा। फिलहाल, घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, और कई की हालत नाजुक बनी हुई है। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और मामले की जांच कर रही हैं।
Also Read: Kanpur News: दारोगा-चौकी इंचार्ज पर उनके ही थाने में मुकदमा दर्ज, जानिए क्या है पूरा मामला

