साल के पहले दिन हिमाचल के नालागढ़ में ब्लास्ट, इलाके में दहशत
Sandesh Wahak Digital Desk: हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) के सोलन जिले के नालागढ़ में नए साल के पहले ही दिन एक बड़ा धमाका हुआ। नालागढ़ पुलिस थाने के पास स्थित एक गली में सुबह-सुबह हुए इस जोरदार विस्फोट से पूरा इलाका दहल उठा। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
इमारतों और आर्मी अस्पताल को नुकसान
विस्फोट की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि घटनास्थल के पास मौजूद इमारतों के साथ-साथ आर्मी अस्पताल के शीशे भी चकनाचूर हो गए। स्थानीय लोगों और वहां मौजूद प्रवासी मजदूरों ने बताया कि धमाके की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धमाका होते ही पूरा इलाका हिल गया और कुछ पलों के लिए कुछ भी साफ दिखाई नहीं दिया। आसपास की चाय की दुकानों पर बैठे लोग भी तेज आवाज सुनकर सहम गए।
घटना की सूचना मिलते ही नालागढ़ पुलिस थाना तुरंत हरकत में आ गया। पुलिस ने घटनास्थल को पूरी तरह से सील कर दिया और दोनों ओर बैरिकेडिंग लगाकर जांच शुरू कर दी। एसपी बद्दी विनोद धीमान अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच चुके हैं और स्थिति का जायजा ले रहे हैं।
शिमला से बुलाई गई फॉरेंसिक टीम
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए शिमला से फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। फॉरेंसिक विशेषज्ञ घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रहे हैं, ताकि धमाके की असली वजह का पता लगाया जा सके।
ब्लास्ट की वजह अब भी रहस्य
पुलिस प्रशासन हर पहलू से मामले की गहन जांच कर रहा है, लेकिन फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि धमाका किस चीज में हुआ और इसके पीछे क्या कारण रहा। एसपी और पुलिस अधिकारियों की ओर से अभी तक घटना को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है। माना जा रहा है कि फॉरेंसिक जांच पूरी होने के बाद ही धमाके के कारणों से पर्दा उठ सकेगा।
Also Read: ट्रंप सरकार का वेनेजुएला पर बड़ा एक्शन, चार तेल कंपनियों और टैंकरों पर लगाया प्रतिबंध

