मुरादाबाद में बीएलओ ने किया सुसाइड, SIR अभियान के टारगेट और दबाव से परेशान टीचर ने लगाई फाँसी

Moradabad News: उत्तर प्रदेश में मतदाता विशेष पुनरीक्षण अभियान (SIR) में लगे कर्मचारियों की मौत का सिलसिला थम नहीं रहा है। रविवार की सुबह मुरादाबाद में बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) का काम कर रहे 45 वर्षीय टीचर सर्वेश सिंह ने अपने घर के अंदर फाँसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

उनकी जेब से एक तीन पन्नों का सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें उन्होंने आत्महत्या का कारण टारगेट का टेंशन और अधिकारियों का अत्यधिक दबाव बताया है। यूपी में SIR शुरू होने के बाद से यह सातवीं मौत है, जिनमें से तीन ने सुसाइड किया है। भोजपुर थाना क्षेत्र के बहेडी ब्रहमनान गाँव निवासी सर्वेश सिंह जाहिदपुर कम्पोजिट विद्यालय में अध्यापक थे और इस समय उन्हें SIR के काम में लगाते हुए बीएलओ की जिम्मेदारी दी गई थी।

सर्वेश के भाई प्रमोद कुमार के अनुसार, शनिवार रात किसी समय सर्वेश ने फाँसी लगा ली। सुबह घर वालों ने जब उनका शव फंदे से लटकता देखा, तो कोहराम मच गया। पुलिस को सूचना दी गई, जिन्होंने सुसाइड नोट बरामद किया।

सुसाइड नोट बेसिक शिक्षा अधिकारी को संबोधित किया गया है। इसमें सर्वेश सिंह ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए लिखा, रात-दिन काम करता रहा। फिर भी SIR का टारगेट हासिल नहीं कर पा रहा हूँ। रात बहुत मुश्किल और चिंता में कटती है। सिर्फ 2 से 3 घंटे सो पा रहा हूँ। मेरी 4 छोटी बेटियाँ हैं, 2 की तबीयत कई दिनों से खराब है। मैं जीना तो चाहता हूँ पर मुझे बहुत बेचैनी है। घुटन और अपने आपको डरा महसूस कर रहा हूँ। मेरी 4 छोटी बेटियों का ख्याल रखना, बहुत मासूम हैं।

उन्होंने यह भी लिखा कि वह पहली बार बीएलओ बने हैं और यह काम पूरा करने के लिए उन्हें पर्याप्त समय नहीं मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जाँच कर रही है।

Also Read: Deoria News: SIR ड्यूटी में लगे लेखपाल की मौत, परिजन और सहकर्मी मुआवजे की मांग पर अड़े

Get real time updates directly on you device, subscribe now.