ड्यूटी के दौरान बीएलओ की मौत: डीएम ने मृतक शिक्षक के परिवार को आर्थिक सहायता का दिया भरोसा
Sandesh Wahak Digital Desk: बरेली के जिलाधिकारी (DM) अविनाश सिंह ने भोजीपुरा के परधौली प्राथमिक विद्यालय में बीएलओ ड्यूटी के दौरान अचानक निधन हुए सहायक अध्यापक स्वर्गीय सर्वेश कुमार गंगवार के घर जाकर उनके शोकाकुल परिवार से मुलाकात की और अपनी गहरी शोक संवेदना व्यक्त की।

डीएम ने बंधाया ढाढस और व्यक्त की क्षति
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने शोकाकुल परिवार को ढाढस बंधाते हुए कहा कि यह दुख पूरे जिले का है। उन्होंने कहा, “सर्वेश जैसे ईमानदार कर्मचारी को खोना पूरे जिले के लिए भारी क्षति है। परिवार चिंता न करे, प्रशासन आपके साथ खड़ा है।” जब परिवार ने सर्वेश गंगवार के मासूम जुड़वां बच्चों अहाना और अयांश को देखकर अपना दर्द बांटा, तो जिलाधिकारी भी भावुक हो उठे।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सर्वेश गंगवार एक जिम्मेदार शिक्षक थे और बीएलओ के रूप में 46 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा कर चुके थे, इसलिए उन पर किसी अधिकारी द्वारा किसी प्रकार का दबाव होने का प्रश्न ही नहीं उठता। उन्होंने उनके निधन को एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताया।

बच्चों के लिए फिक्स डिपॉजिट और भाई को नौकरी
डीएम अविनाश सिंह ने शोकाकुल परिवार को आर्थिक सहारा देने के लिए त्वरित सहायता का आश्वासन दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन के सभी अधिकारी एक दिन का वेतन जमा करेंगे, जिसे मृतक बच्चों (अहाना और अयांश) के नाम पर फिक्स डिपॉजिट (FD) किया जाएगा। स्व. सर्वेश के छोटे भाई को संविदा पर नौकरी देने की कार्यवाही की जाएगी, ताकि परिवार को आर्थिक सहारा मिल सके। डीएम के इस आश्वासन से परिवार ने राहत की सांस ली। इस दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विनीता और एसडीएम सदर प्रमोद कुमार भी उपस्थित रहे।
Also Read: ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ आंदोलन: लखनऊ में युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस से तीखी नोकझोंक

