‘खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते, तो फिर क्रिकेट कैसे’, भारत-पाक मैच पर भड़के ओवैसी
Sandesh Wahak Digital Desk: ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के अध्यक्ष और हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने भारत-पाकिस्तान के बीच होने वाले आगामी एशिया कप 2025 के मुकाबले पर केंद्र सरकार की तीखी आलोचना की है।
ओवैसी ने सवाल उठाया है कि जब व्यापार, परिवहन और कूटनीतिक संबंध ठप हैं, तो क्रिकेट संबंध कैसे बनाए रखे जा सकते हैं?
“मेरा जमीर इस मैच को देखने की इजाजत नहीं देता” – ओवैसी
लोकसभा में “ऑपरेशन सिंदूर” पर हुई विशेष चर्चा के दौरान ओवैसी ने कहा:
“जब पाकिस्तान के जहाज हमारे आसमान में नहीं आ सकते, उनकी कश्ती हमारे पानी में नहीं आ सकती, व्यापार बंद है, तो फिर क्रिकेट मैच कैसे खेल सकते हैं?
हम कहते हैं कि खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते, फिर भी आप पाकिस्तान के साथ क्रिकेट खेलेंगे?”
उन्होंने यह भी जोड़ा, “मेरा जमीर मुझे उस मैच को देखने की इजाजत नहीं देता।”

“क्या सरकार इतनी हिम्मत दिखा सकती है?”
सांसद ओवैसी ने सरकार से तीखे सवाल करते हुए कहा, “क्या सरकार में इतनी हिम्मत है कि वह उन 25 मृतकों के परिवारों से कहे कि हमने बदला ले लिया, अब आप चैन से भारत-पाक क्रिकेट मैच देखें?”
उन्होंने कहा कि यह मुकाबला 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में मारे गए निर्दोष नागरिकों और शहीदों की याद का अपमान होगा।
बता दें कि 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 25 पर्यटक और एक स्थानीय घोड़ा सवार मारे गए थे।
इसके जवाब में भारत ने “ऑपरेशन सिंदूर” के तहत पाकिस्तान और पीओके में नौ आतंकी ठिकानों को निशाना बनाते हुए 100 से अधिक आतंकियों को ढेर किया था।
तीन दिन पहले एशिया कप 2025 का शेड्यूल जारी हुआ, जिसके अनुसार भारत और पाकिस्तान के बीच ग्रुप स्टेज मुकाबला 14 सितंबर को खेला जाएगा।

संभावना है कि दोनों टीमें सुपर फोर और फाइनल में भी आमने-सामने आ सकती हैं।
विपक्ष का तीखा विरोध, सरकार की चुप्पी
ओवैसी सहित विपक्ष के अन्य नेताओं का कहना है कि ऐसे आतंकी हमले के महज कुछ महीनों बाद क्रिकेट जैसे आयोजन से यह संदेश जाता है कि भारत पाकिस्तान को असल में कठोर जवाब नहीं दे रहा।
फिलहाल, केंद्र सरकार की ओर से इस मुद्दे पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

