Meerut News: नीले ड्रम वाली मुस्कान बनने वाली है मां, महिला मेडिकल कॉलेज में कराया गया भर्ती
Meerut News: उत्तर प्रदेश की मेरठ जेल में बंद, अपने पति की जघन्य हत्या के लिए देश भर में चर्चा में रही मुस्कान अब किसी भी समय माँ बन सकती है। लेबर पेन (प्रसव पीड़ा) शुरू होने के बाद जेल प्रशासन ने मुस्कान को तुरंत मेरठ के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है, जहाँ डॉक्टरों की एक टीम उनकी निगरानी कर रही है। डॉक्टर यह प्रयास कर रहे हैं कि मुस्कान की डिलीवरी सामान्य हो जाए।
मुस्कान पर आरोप है कि उसने अपने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर अपने पति सौरव को मौत के घाट उतार दिया था। जिस समय मुस्कान को जेल भेजा गया था, वह गर्भवती थी और अब उसकी गर्भावस्था का आखिरी समय चल रहा है।
पति की हत्या कर नीले ड्रम में बंद किया था शव
मुस्कान और साहिल की यह वारदात देशभर में सुर्खियाँ बटोर चुकी थी। मुस्कान ने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर पति सौरव की हत्या करने के बाद, उसके शव के टुकड़े-टुकड़े किए और उन्हें एक बड़े नीले ड्रम में डाल दिया। इसके बाद शव को सीमेंट का घोल बनाकर ड्रम में पैक कर दिया था। हत्या के तुरंत बाद, मुस्कान और साहिल घूमने के लिए हिमाचल चले गए थे। इस दौरान सोशल मीडिया पर उनके कई वीडियो वायरल हुए थे, जिनमें दोनों नाचते हुए नजर आए थे।
इस घटना का खुलासा लगभग 15 दिन बाद हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने मुस्कान और साहिल दोनों को गिरफ्तार कर लिया था। चूँकि मुस्कान ने पति की हत्या के बाद प्रेमी साहिल के साथ समय बिताया था, इसलिए अब इस बात को लेकर संशय बना हुआ है कि मुस्कान जिस बच्चे को जन्म देने वाली है, उसका पिता कौन है। मृत सौरव के परिवार वाले पहले ही कह चुके हैं कि यदि वह बच्चा सौरव का है, तो वे उसे अपना सकते हैं। लोगों को आशंका है और ऐसा अंदेशा भी जताया जा रहा है कि बच्चे के जन्म के बाद उसका डीएनए टेस्ट कराया जा सकता है, ताकि बच्चे के जैविक पिता की पहचान सुनिश्चित हो सके।

