BMC चुनाव: सपा ने तोड़ा गठबंधन, महाराष्ट्र अध्यक्ष अबू आसिम आजमी बोले- कांग्रेस ने दिया धोखा
Sandesh Wahak Digital Desk: आगामी बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) चुनाव को लेकर मुंबई की राजनीति में बड़ा मोड़ आ गया है। समाजवादी पार्टी (SP) की महाराष्ट्र यूनिट के अध्यक्ष अबू आसिम आजमी ने बुधवार को बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि उनकी पार्टी यह चुनाव अकेले लड़ेगी और कांग्रेस समेत किसी भी दल के साथ कोई गठबंधन नहीं करेगी।
गठबंधन तोड़ने का कारण
अबू आसिम आजमी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला और गठबंधन तोड़ने का कारण स्पष्ट किया। आजमी ने आरोप लगाया कि “कांग्रेस पार्टी आखिरी मौके पर हमारे साथ धोखा करती है। आखिरी वक्त पर फैसला बदल देती है। इसलिए अब हम किसी पर भरोसा नहीं करेंगे।”
उन्होंने बताया कि यह फैसला पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से विचार-विमर्श के बाद लिया गया है। आजमी ने कहा कि कांग्रेस अल्पसंख्यकों के लिए कुछ नहीं करती और उसे उसके ‘घमंड’ ने डुबो दिया है, साथ ही पार्टी में लीडरशिप की भारी कमी है।
150 सीटों पर चुनाव लड़ने का लक्ष्य
अबू आसिम आजमी ने घोषणा की कि बीएमसी की कुल 227 सीटों में से समाजवादी पार्टी करीब 150 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। उनका यह निर्णय मुंबई महानगरपालिका चुनावों के सियासी समीकरण को सीधे तौर पर प्रभावित कर सकता है।
शिवसेना (UBT) की चेतावनी
इससे पहले, मंगलवार को शिवसेना (UBT) ने कांग्रेस से संयम बरतने की अपील की थी। शिवसेना (UBT) ने आगाह किया था कि बीएमसी चुनाव में अकेले लड़ना भारतीय जनता पार्टी (BJP) को मदद करेगा और इससे विपक्ष का महा विकास आघाडी (MVA) गठबंधन कमजोर होगा। शिवसेना (UBT) के मुखपत्र ‘सामना’ में कहा गया था कि बीजेपी को तभी सबक सिखाया जा सकता है जब विपक्ष एकजुट रहे।
Also Read: उमर नबी के वीडियो पर भड़के ओवैसी, बोले- सुसाइड बॉम्बिंग शहादत नहीं, यह पूरी तरह आतंकवाद है

