एक ही परिवार के तीन लोगों के शव बरामद, पुलिस को सामूहिक आत्महत्या का शक

Sandesh Wahak Digital Desk: झारखंड की राजधानी रांची में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के लटमा में एक फ्लैट से एक महिला और उनके दो बच्चों के शव मिले हैं, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस की शुरुआती जाँच में इसे सामूहिक आत्महत्या का मामला माना जा रहा है।

मृतकों की पहचान संयुक्ता सिंह (34) और उनके दो बच्चों आरव (14) और आराध्या (12) के रूप में हुई है। पड़ोसियों के मुताबिक, शनिवार की रात से ही फ्लैट का दरवाज़ा बंद था। रविवार की सुबह जब पड़ोसियों ने दरवाज़ा खटखटाया और अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दरवाज़ा तोड़कर देखा तो तीनों के शव ड्राइंग रूम में पड़े मिले।

पारिवारिक कलह और आर्थिक तंगी

पुलिस और पड़ोसियों के बयान के अनुसार, संयुक्ता सिंह अपने बच्चों के साथ यहाँ पिछले कुछ सालों से रह रही थीं। उनके पति बृजेश सिंह तीन साल से बिहार के औरंगाबाद में अपने गाँव में रह रहे थे। पति-पत्नी के बीच लंबे समय से तनावपूर्ण संबंध थे और उनका तलाक का मामला कोर्ट में चल रहा था।

जाँच से पता चला है कि संयुक्ता सिंह मानसिक और आर्थिक रूप से बहुत परेशान थीं। बच्चों की स्कूल फीस देना भी उनके लिए मुश्किल हो गया था। इसके अलावा, जिस फ्लैट में वे रह रही थीं, वह भी बैंक में गिरवी रखा हुआ था।

घटना की सूचना मिलने के बाद एफएसएल (FSL) टीम भी मौके पर पहुंची और सैंपल इकट्ठा किए। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और पति बृजेश सिंह को भी इस घटना की जानकारी दी गई, जो रांची पहुँच चुके हैं। फिलहाल पुलिस इस मामले की हर पहलू से जाँच कर रही है।

Also Read: नितिन गडकरी के घर को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.