लखनऊ में बंद घर से दो भाइयों के शव बरामद, कूड़े के ढेर में दबा मिला एक का शव

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के सआदतगंज इलाके में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक बंद घर से दो सगे भाइयों के शव बरामद हुए हैं। दोनों शव अलग-अलग जगहों पर थे, जिनमें से एक का शव कूड़े के ढेर में दबा हुआ था। शवों से बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी।

यह घटना चौपटिया पावर हाउस के पीछे बने E-5 मकान की है, जहां पिछले कई सालों से राजू पाहवा (62) और रवि पाहवा (58) अकेले रहते थे। मंगलवार देर रात जब घर से बदबू आने लगी, तो पड़ोसियों ने उनकी बहन को जानकारी दी। जब बहन ने आकर दरवाजा खुलवाया, तो अंदर का नज़ारा देख सब हैरान रह गए। दोनों भाइयों के शव अंदर पड़े थे। पुलिस ने बताया कि घर में कई कुत्ते भी बंद थे और पूरा घर गंदगी और कूड़े से भरा हुआ था। एक भाई का शव तो कूड़े के ढेर में दबा मिला, जबकि दूसरा शव एक अलग कमरे में था।

पारिवारिक कहानी और मौत की वजह

स्थानीय लोगों के मुताबिक, छोटा भाई रवि पाहवा की पत्नी करीब 30 साल पहले उसे छोड़कर चली गई थी। वहीं, बड़ा भाई राजू मानसिक रूप से बीमार था और कूड़ा उठाने का काम करता था। दोनों भाइयों को कुत्तों से बहुत लगाव था, जिसकी वजह से घर में कई कुत्ते रहते थे।

पुलिस के अनुसार, मौके पर किसी तरह की जबरदस्ती या संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं। शुरुआती जांच में लग रहा है कि मौत 12 घंटे से ज़्यादा पुरानी है। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगी।

Also Read: बाफिला महाघोटाला: हाईकोर्ट के फैसले में दिए गंभीर बिंदु दरकिनार, पुरानी शिकायत पर FIR

Get real time updates directly on you device, subscribe now.