बॉलीवुड एक्ट्रेस Sonal Chauhan दुबई से सुरक्षित भारत लौटीं, बोलीं- ‘ये कुछ दिन बहुत भारी थे’

Sandesh Wahak Digital Desk : ईरान और इज़रायल के बीच जारी तनाव का असर आम लोगों से लेकर फिल्मी हस्तियों तक पर पड़ा है। दुबई समेत कई देशों में फंसे भारतीयों को सुरक्षित वापस लाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इसी बीच ‘जन्नत’ फेम अभिनेत्री सोनल चौहान (Sonal Chauhan) के सुरक्षित भारत लौटने की खबर सामने आई है। इससे पहले अभिनेत्री ईशा गुप्ता की भी सुरक्षित वापसी की सूचना मिली थी।

इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए दी जानकारी

सोनल चौहान ने खुद अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर स्टोरी शेयर कर भारत लौटने की जानकारी दी। उन्होंने एयरपोर्ट के छोटे-छोटे वीडियो साझा किए, जिनमें विमान और उनका पासपोर्ट भी नजर आया। एक अन्य स्टोरी में उन्होंने लिखा कि वह सुरक्षित भारत पहुंच चुकी हैं और बेहद आभारी महसूस कर रही हैं।

‘पिछले कुछ दिन बहुत भारी थे’

सोनल ने लिखा, “भारत वापस लौट आई हूं और खुद को बहुत खुशकिस्मत मानती हूं। आप सभी के प्यार, दुआओं और संदेशों के लिए दिल से धन्यवाद। पिछले कुछ दिन बहुत भारी थे, लेकिन मैंने दुबई के लोगों का साहस और दृढ़ता भी देखी। वहां के लोगों का अपनी सरकार पर विश्वास साफ नजर आया और इस बार मैंने भी वह भरोसा महसूस किया।”

उन्होंने दुबई प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि मुश्किल हालात में भी व्यवस्था को शांत और सुरक्षित बनाए रखा गया, जिससे सभी लोग खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें।

‘युद्ध कभी समाधान नहीं’

सोनल ने आगे लिखा कि वह उम्मीद करती हैं कि हालात जल्द सामान्य हों, क्योंकि युद्ध कभी भी किसी समस्या का समाधान नहीं होता। उन्होंने इस संकट से गुजर रहे सभी लोगों के लिए प्रार्थना भी की।

गौरतलब है कि मौजूदा हालात के चलते दुबई और अन्य स्थानों पर कई भारतीय नागरिक फंसे हुए थे, जिन्हें चरणबद्ध तरीके से सुरक्षित स्वदेश लाया जा रहा है। सोनल चौहान की सुरक्षित वापसी से उनके प्रशंसकों ने भी राहत की सांस ली है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.