दिग्गज फिल्ममेकर एमएम बेग का संदिग्ध हालातों में निधन, घर से बरामद हुआ शव
Sandesh Wahak Digital Desk: फिल्म इंडस्ट्री के पुराने और अनुभवी फिल्ममेकर एम.एम. बेग (70 वर्ष) की मौत की खबर ने सबको चौंका दिया है। मुंबई में अपने घर पर वह अकेले रहते थे और उनका शव बेहद संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया है।
खबरों के मुताबिक, बेग साहब पिछले कई दिनों से अपने घर से बाहर नहीं निकले थे। जब उनके घर से तेज दुर्गंध (बदबू) आने लगी, तो पड़ोसियों को अनहोनी का शक हुआ। उन्होंने तुरंत पुलिस को इस बात की जानकारी दी। जब पुलिस ने दरवाजा खोला, तो अंदर एमएम बेग मृत पाए गए। उनकी मौत करीब 4-5 दिन पहले होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कूपर अस्पताल भेज दिया है।
उनके पब्लिसिस्ट हनी जवेरी ने इस दुखद खबर की पुष्टि करते हुए कहा कि वह काफी समय से बीमार चल रहे थे। उन्होंने कहा, वे एक बहुत ही नेक इंसान थे। उनके जाने से जो खालीपन आया है, उसे भरना मुश्किल है। बेग साहब की बेटी को पुलिस ने सूचना दे दी है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि मौत की असली वजह सामने आ सके।
शानदार रहा फिल्मी सफर
एमएम बेग ने सिनेमा की दुनिया में एक लंबा और सफल सफर तय किया था।
सहायक निर्देशक: उन्होंने जे. ओम प्रकाश, विमल कुमार और राकेश रोशन जैसे दिग्गजों के साथ सहायक के रूप में काम सीखा।
बतौर निर्देशक: उन्होंने नसीरुद्दीन शाह की मासूम गवाह (1990) और शिल्पा शिरोडकर की छोटी बहू (1994) जैसी फिल्मों का निर्देशन किया। बेग साहब ने गोविंदा की आदमी खिलौना है, जैसी करनी वैसी भरनी और अनिल कपूर की किशन कन्हैया जैसी फिल्मों में अभिनय भी किया था।
Also Read: इस विदेशी लीग से कटेगा पाकिस्तानियों का पत्ता? IPL फ्रेंचाइजी के रुख से बढ़ी चिंता

