पाकिस्तान में क्वेटा जा रही जाफर एक्सप्रेस में बम धमाका, 7 घायल, बलूच विद्रोही समूह BRG ने ली जिम्मेदारी
Sandesh Wahak Digital Desk: पाकिस्तान में जाफर एक्सप्रेस एक बार फिर आतंकवादियों के निशाने पर आ गई है। मंगलवार को शिकारपुर जिले के सुल्तान कोट के पास ट्रेन को निशाना बनाकर बम धमाका किया गया, जिसके परिणामस्वरूप ट्रेन पटरी से उतर गई और कम से कम 7 लोग घायल हो गए। यह ट्रेन उस समय पेशावर की ओर जा रही थी। इस हमले की जिम्मेदारी बलूच रिपब्लिकन गार्ड्स (BRG) नामक बलूच विद्रोही समूह ने ली है।
बलूच रिपब्लिकन गार्ड्स के प्रवक्ता ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इस हमले की जिम्मेदारी ली। प्रवक्ता ने दावा किया कि BRG के स्वतंत्रता सेनानियों ने रिमोट-कंट्रोल IED विस्फोट के ज़रिए सुल्तान कोट में जाफर एक्सप्रेस को निशाना बनाया। प्रवक्ता के अनुसार, ट्रेन पर उस समय हमला किया गया जब कब्ज़ा करने वाली पाकिस्तानी सेना के जवान उसमें यात्रा कर रहे थे। विस्फोट के कारण कई सैनिक मारे गए और घायल हुए, और ट्रेन के छह डिब्बे पटरी से उतर गए। गौरतलब है कि BRG ने घोषणा की है कि बलूचिस्तान की आजादी तक ऐसे ऑपरेशन जारी रहेंगे।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
यह हमला सिंध के शिकारपुर जिले में सुल्तान कोट के पास हुआ है। धमाके के तुरंत बाद सुरक्षा बलों और पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और बम निरोधक दस्ते को पटरियों की जाँच के लिए तैनात किया गया है। क्वेटा और पेशावर के बीच चलने वाली जाफर एक्सप्रेस को हाल के महीनों में बार-बार निशाना बनाया गया है।
7 अगस्त: सिबी रेलवे स्टेशन के पास रेलगाड़ी बाल-बाल बच गई थी, जहाँ ट्रेन गुजरने के तुरंत बाद बम फटा था।
4 अगस्त: कोलपुर के पास बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) से जुड़े बंदूकधारियों ने इंजन पर फायरिंग की थी।
मार्च 2025: इसी साल BLA ने इस ट्रेन को हाइजैक कर 400 से अधिक यात्रियों को बंधक बना लिया था।

