नोएडा और अहमदाबाद के स्कूलों में बम की धमकी से मचा हड़कंप, ईमेल मिलने के बाद पुलिस का सघन तलाशी अभियान

Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली-एनसीआर के नोएडा और गुजरात के अहमदाबाद में आज सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब कई नामी स्कूलों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। इस सूचना के बाद प्रशासन तुरंत अलर्ट मोड पर आ गया और आनन-फानन में स्कूलों को खाली कराकर तलाशी अभियान शुरू किया गया।

चप्पे-चप्पे की तलाशी ले रही हैं विशेष टीमें

नोएडा के कुछ निजी स्कूलों को मिले धमकी भरे ईमेल के बाद पुलिस प्रशासन ने मोर्चा संभाल लिया है। सूचना मिलते ही विभिन्न थानों की पुलिस के साथ बम निरोधक दस्ता (BDDS), फायर ब्रिगेड और डॉग स्क्वाड की टीमें स्कूलों में पहुंच गईं। स्कूल परिसरों के कोने-कोने की सघन तलाशी ली जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि वे बच्चों की सुरक्षा को लेकर कोई भी जोखिम नहीं लेना चाहते।  ईमेल कहां से आया और इसे किसने भेजा, इसका पता लगाने के लिए साइबर सेल की टीम तकनीकी जांच में जुट गई है।

क्राइम ब्रांच ने संभाली कमान

उधर गुजरात के अहमदाबाद के पश्चिमी इलाके में भी कई स्कूलों को इसी तरह के धमकी भरे ईमेल मिले हैं। अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने जानकारी दी है कि बम स्क्वाड और फॉरेंसिक डिपार्टमेंट की टीमें मौके पर जांच कर रही हैं। फिलहाल किसी भी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है।

“अफवाहों पर ध्यान न दें”

पुलिस अधिकारियों ने अभिभावकों और जनता से शांति बनाए रखने की अपील की है। “स्थिति नियंत्रण में है और स्कूलों में शांति व्यवस्था कायम है। हम सुरक्षा के हर पुख्ता इंतजाम कर रहे हैं। कृपया किसी भी अपुष्ट जानकारी या अफवाह पर भरोसा न करें और पैनिक (घबराहट) न फैलाएं।” पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं यह किसी शरारती तत्व द्वारा किया गया ‘होक्स कॉल’ या मेल तो नहीं है, जैसा कि पिछले साल भी कई बार देखा गया था।

Also Read: ‘तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा’, नेताजी की जयंती पर भावुक हुए सीएम योगी, दी भावभीनी श्रद्धांजलि

Get real time updates directly on you device, subscribe now.