Border 2 की प्री-सेल्स ने मचाया तहलका, धुरंधर को भी पछाड़ा
Sandesh Wahak Digital Desk: नए साल की 23 जनवरी को सनी देओल की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘Border 2’ सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। यहां ‘Border 2’ की टिकटों की बिक्री 19 जनवरी से शुरू हुई है, हालांकि कुछ जगहों पर 18 जनवरी की रात से ही एडवांस बुकिंग खुल गई थी। वहीं ओवरसीज एडवांस बुकिंग शुरू होते ही विदेशों में फैंस के बीच फिल्म को लेकर गजब का क्रेज देखने को मिल रहा है और शुरुआती रुझान काफी मजबूत नजर आ रहे हैं।
ऑस्ट्रेलिया और कनाडा में शानदार शुरुआत
ऑस्ट्रेलिया में ‘Border 2’ की ओपनिंग डे प्री-सेल्स ने ‘वॉर 2’ और ‘धुरंधर’ जैसी बड़ी फिल्मों को भी पीछे छोड़ दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यहां फिल्म की टिकट बिक्री इन दोनों फिल्मों से लगभग दोगुनी बताई जा रही है। कनाडा में सबसे बड़ी थिएटर चेन सिनेप्लेक्स ने अभी बुकिंग शुरू नहीं की है, लेकिन दूसरी सबसे बड़ी चेन लैंडमार्क सिनेमाज में सीमित शोज के बावजूद अच्छे नतीजे सामने आए हैं। यहां फिल्म के दो से तीन शोज में लगभग 100 टिकट बिक चुके हैं।
अमेरिका और जर्मनी में भी पॉजिटिव रुझान
अमेरिका में भी ‘बॉर्डर 2’ को लेकर पॉजिटिव माहौल नजर आ रहा है। हिंदी फिल्म दिखाने वाले सिनेमाघरों में एक से दो शोज में अच्छी बुकिंग हो रही है। जर्मनी में भी फिल्म के लिए दर्शकों में उत्साह देखने को मिल रहा है। हालांकि भारत-पाक युद्ध पर आधारित होने की वजह से ‘बॉर्डर 2’ का मिडिल ईस्ट में रिलीज होना फिलहाल मुश्किल माना जा रहा है। अभी ओवरसीज में फिल्म का रोल आउट सीमित है, लेकिन जैसे-जैसे शोज की संख्या बढ़ेगी, वैसे-वैसे टिकट बिक्री में और तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है। बुक माय शो पर भी सीमित रिलीज से पहले ही 8.28 हजार टिकट बिक चुके हैं।
मजबूत ओपनिंग की उम्मीद
फिल्म की शुरुआती ओवरसीज प्री-सेल्स दर्शकों के बीच मौजूद एक्साइटमेंट को साफ तौर पर दिखा रही हैं। अक्सर देखा गया है कि जो फिल्में विदेशों में अच्छी प्री-सेल्स करती हैं, उनका असर घरेलू बॉक्स ऑफिस पर भी देखने को मिलता है। ‘गदर 2’ इसका बड़ा उदाहरण रहा है, जिसने भारत में ऐतिहासिक सफलता हासिल की थी और ओवरसीज में भी शानदार प्रदर्शन किया था।
बेहतर बताई जा रही Border 2 की प्री-सेल्स
बताया जा रहा है कि ‘Border 2’ की शुरुआती ओवरसीज प्री-सेल्स ‘गदर 2’ से भी बेहतर हैं, जो फिल्म के लिए बेहद पॉजिटिव संकेत माना जा रहा है। इस फिल्म में सनी देओल के साथ दिलजीत दोसांझ, वरुण धवन और अहान शेट्टी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म के टीजर और ट्रेलर को पहले ही शानदार रिस्पॉन्स मिल चुका है और इसका गाना भी दर्शकों को खूब पसंद आया है। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि रिलीज के बाद ‘बॉर्डर 2’ बॉक्स ऑफिस पर कैसा प्रदर्शन करती है।
Also Read: उन्नाव केस: कुलदीप सिंह सेंगर को दिल्ली हाईकोर्ट से झटका, सजा निलंबन की अर्जी खारिज

