ब्रजेश पाठक का अखिलेश यादव पर हमला, बोले- सपा कर रही है समाज को बांटने की राजनीति
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में हुए विवाद पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान को लेकर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। पाठक ने अखिलेश पर समाज को बांटने वाली राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सपा और कांग्रेस की नीति ‘फूट डालो, राज करो’ की रही है। उन्होंने कहा कि अखिलेश अपने बयानों के जरिए प्रदेश का माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।
‘हमारा विजन तुष्टिकरण नहीं, संतुष्टिकरण है’
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि बीजेपी नफरत की राजनीति नहीं करती। हमारी सरकार का मंत्र ‘तुष्टिकरण किसी का नहीं, संतुष्टिकरण सबका’ है। उन्होंने कहा कि बीजेपी ‘सबका साथ, सबका विकास’ के साथ काम कर रही है। पाठक ने दावा किया कि बीजेपी सरकार के पिछले साढ़े आठ साल में दंगों को पूरी तरह से नियंत्रित किया गया है, जो सपा को पसंद नहीं आ रहा है।
फतेहपुर की घटना पर पाठक ने बताया कि सरकार ने इसे बहुत गंभीरता से लिया है। प्रशासन ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर स्थिति को काबू में कर लिया है। उन्होंने बताया कि 10 पुलिस थानों की टीमें और पीएसी की तैनाती से शांति बनाए रखी गई है। उन्होंने विपक्षी दलों से अपील की कि वे ऐसे संवेदनशील मामलों पर राजनीतिक रोटियां न सेंकें।
शिक्षा के क्षेत्र में बीजेपी सरकार की बड़ी उपलब्धियां
डिप्टी सीएम ने बीजेपी सरकार की शिक्षा क्षेत्र में उपलब्धियों को भी गिनाया। उन्होंने कहा कि इस साल के ‘स्कूल चलो अभियान’ में 27 लाख से ज्यादा बच्चों का नामांकन हुआ है। ऑपरेशन कायाकल्प के तहत 96% स्कूलों में बुनियादी सुविधाएं दी गई हैं। इसके अलावा, अटल आवासीय विद्यालय योजना के तहत 18,000 से ज्यादा श्रमिक और अनाथ बच्चों को मुफ्त आवासीय शिक्षा दी जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा के शासनकाल में शिक्षा का पतन हुआ था और 3.45 करोड़ बच्चे स्कूल से बाहर थे।
Also Read: Lucknow News: फतेहपुर में मकबरे-मंदिर विवाद पर बोलीं मायावती, सरकार उठाए सख्त कदम

