Lucknow News: ब्रजेश पाठक बने रेडक्रॉस सोसाइटी की उत्तर प्रदेश शाखा के नए सभापति, अरुण कुमार सिंह कोषाध्यक्ष नियुक्त

Lucknow News: इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी की उत्तर प्रदेश राज्य शाखा को नया नेतृत्व मिल गया है। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक को सर्वसम्मति से सोसाइटी की राज्य शाखा का सभापति चुना गया है। वहीं, अरुण कुमार सिंह को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह निर्णय शनिवार को ध्वनि मत से हुई एक सभा में लिया गया।

इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी की उत्तर प्रदेश राज्य शाखा के चुनाव कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सोसाइटी के व्यापक कार्यक्षेत्र पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस सोसाइटी आपदा राहत, स्वास्थ्य सेवा और सामुदायिक विकास जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर काम कर रही है। पाठक ने बताया कि पूरे भारत में इसकी 1100 से अधिक शाखाएं हैं और यह प्राथमिक चिकित्सा प्रशिक्षण, रक्तदान अभियान और विभिन्न बीमारियों के उन्मूलन के लिए जागरूकता कार्यक्रमों सहित कई स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देती है।

Brajesh Pathak Red Cross UP

मानवीय मूल्यों और सेवा पर जोर

उपमुख्यमंत्री ने इस बात पर भी जोर दिया कि सोसाइटी निष्पक्षता, निस्वार्थता और एकता जैसे मानवीय सिद्धांतों और मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए भी काम करती है। उन्होंने कहा कि इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी युद्ध या संघर्ष के दौरान घायल लोगों और युद्ध बंदियों की मदद करने में भी सक्रिय भूमिका निभाती है।

सर्वसम्मति से हुआ चुनाव

चुनाव अधिकारी गंगाराम गुप्ता ने जानकारी दी कि चुनाव के दौरान, सोसाइटी की राज्य शाखा के सभापति पद के लिए उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक का नाम फतेहपुर चेयरमैन अनुराग श्रीवास्तव द्वारा प्रस्तावित किया गया। कोषाध्यक्ष पद के लिए अरुण कुमार सिंह का नाम भी उन्हीं ने प्रस्तुत किया। पूर्व उप सभापति अखिलेंद्र शाही ने इस प्रस्ताव पर सभा का समर्थन मांगा, जिस पर सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से ध्वनि मत से अपनी सहमति दी।

Brajesh Pathak Red Cross UP

इस दौरान शाही ने सोसाइटी द्वारा पिछले वर्षों में किए गए कार्यों की जानकारी भी साझा की। ब्रजेश पाठक के नेतृत्व में, रेडक्रॉस सोसाइटी की उत्तर प्रदेश शाखा से मानवीय सेवा के क्षेत्र में और अधिक सक्रियता की उम्मीद की जा रही है।

Also Read: Jharkhand Encounter: सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, जेजेएमपी के कमांडर समेत तीन ढेर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.