अखिलेश यादव पर भड़के ब्रजेश पाठक, बोले- सनातन धर्म का अपमान कर रहे हैं सपा अध्यक्ष
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने अखिलेश के हाल के बयानों को हिंदू आस्था और सनातन परंपरा का अपमान बताया है।

‘भगवान हनुमान जी का मजाक उड़ा रहे हैं अखिलेश’
ब्रजेश पाठक ने कहा कि अखिलेश यादव ने भारतीय ज्योतिष विद्या, वेदों और ऋषि-मुनियों के ज्ञान का मजाक उड़ाया है। उन्होंने कहा आज पूरी दुनिया हमारी प्राचीन परंपराओं की तारीफ करती है, यहां तक कि नासा भी उन्हें वैज्ञानिक मानता है, लेकिन अखिलेश यादव इसे अंधविश्वास बता रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि जिस व्यक्ति की सरकार ने राम भक्तों पर गोली चलवाई, वही आज भगवान हनुमान जी का भी मजाक उड़ा रहे हैं। पाठक ने अखिलेश के उस बयान पर भी सवाल उठाए, जिसमें उन्होंने कहा था कि हमारे सारे भगवान अंतरिक्ष में रहते हैं। पाठक ने कहा कि यह बयान दिखाता है कि अखिलेश यादव को हिंदू देवी-देवताओं से चिढ़ है और उन्हें अपने इस बयान के लिए पूरे हिंदू समाज से माफी मांगनी चाहिए।

‘बुलडोजर से डर माफियाओं को लगता है’
बुलडोजर पर अखिलेश के तंज का जवाब देते हुए ब्रजेश पाठक ने कहा कि बुलडोजर अपराधियों और माफियाओं की नींद उड़ाने का प्रतीक है। उन्होंने कहा, बुलडोजर से अखिलेश यादव को इसलिए परेशानी है, क्योंकि यह उनके माफिया दोस्तों पर चलता है।
उन्होंने शिक्षक भर्ती और शिक्षा माफिया के आरोपों पर भी पलटवार किया। पाठक ने कहा कि सबसे बड़ा नकल माफिया अखिलेश की सरकार में ही पनपा था और बीजेपी सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया है। उन्होंने कहा कि आजम खान और गायत्री प्रजापति जैसे अपराधियों की पैरवी करने वाले अखिलेश को जनता कभी माफ नहीं करेगी।
‘कुंभ को विश्वस्तरीय पहचान योगी सरकार ने दिलाई’
अखिलेश की कुंभ और किसानों पर की गई टिप्पणियों पर पाठक ने कहा कि कुंभ के नाम पर अव्यवस्था सपा सरकार की पहचान थी, जबकि योगी सरकार ने इसे विश्वस्तरीय पहचान दिलाई। उन्होंने कहा कि आज किसान पीएम मोदी और सीएम योगी की योजनाओं से खुश हैं, लेकिन अखिलेश को केवल अपनी वोटबैंक की चिंता है। पाठक ने साफ कहा कि जनता सब देख रही है और आने वाले चुनाव में अखिलेश को करारा जवाब देगी।
Also Read: Lucknow News: अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला का भव्य स्वागत, सीएम योगी ने किया सम्मानित

