बृजभूषण शरण सिंह को देख मदरसे के बच्चों ने लगाए ‘शेर आया’ शेर आया’ के नारे, वीडियो वायरल

Brij Bhushan Sharan Singh: गोंडा में पूर्व सांसद और भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में मदरसे के बच्चे बृजभूषण शरण सिंह का स्वागत करते और ‘शेर आया’ ‘शेर आया’ के नारे लगाते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह स्वागत उस समय हुआ, जब पूर्व सांसद क्षेत्र में लोगों से मुलाकात कर रहे थे।

मुस्लिम बस्ती में हुआ स्वागत

बृजभूषण शरण सिंह इन दिनों अपने गृह जिले गोंडा में हैं। तीन अगस्त को दिल्ली की अदालत से महिला पहलवानों से जुड़े यौन उत्पीड़न मामले में बरी होने के बाद वह छह अगस्त को पहली बार गोंडा पहुंचे थे। इसके बाद से वह लगातार क्षेत्र में लोगों से मिल रहे हैं।

इसी दौरान जब वह एक मुस्लिम बस्ती में पहुंचे तो मदरसे के बच्चों ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया। बच्चों ने उनके समर्थन में नारे भी लगाए। इससे जुड़ा वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

अयोध्या एयरपोर्ट पर भी हुआ था भव्य स्वागत

गोंडा पहुंचने पर समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया था। अयोध्या के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लेकर गोंडा तक कई जगह स्वागत द्वार बनाए गए थे। जेसीबी से फूल बरसाए गए और समर्थकों ने ‘शेर आया’ के नारे लगाए थे।

बरी होने के बाद आरोपों पर दिया था बयान

अदालत से बरी होने के बाद बृजभूषण ने आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताया था। उन्होंने कहा था कि मामला ‘गुड टच’ और ‘बैड टच’ तक सीमित था। उन्होंने कहा था, “मैंने किसी की साड़ी खींचने का काम नहीं किया।” उनका दावा था कि यदि वह इस मामले में झुक जाते तो मामला खत्म हो जाता, लेकिन उनके किरदार का नुकसान होता।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.