POK को लेकर कांग्रेस पर बरसे बृजभूषण, बोले- राहुल कभी प्रधानमंत्री नहीं बन सकते

Sandesh Wahak Digital Desk: बीजेपी नेता और भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने एक बार फिर कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (POK) को लेकर कांग्रेस की नीयत और क्षमता दोनों पर सवाल उठते हैं। साथ ही राहुल गांधी को लेकर भी उन्होंने बेहद तल्ख टिप्पणी की।

कांग्रेस POK को वापस नहीं ला सकती

जब तेलंगाना के मुख्यमंत्री के इस बयान पर बृजभूषण से सवाल किया गया कि अगर कांग्रेस सत्ता में होती तो इस बार POK भारत का हिस्सा बन गया होता। उन्होंने पलटवार करते हुए कहा, कांग्रेस को यह कहने का कोई हक नहीं है। POK पाकिस्तान को देने का काम उसी ने किया था। उन्होंने आगे कहा कि अब सिर्फ बीजेपी ही वह पार्टी है जो POK को वापस ला सकती है। यह बयान उन्होंने ऐसे समय में दिया है जब हाल ही में ऑपरेशन सिंदूर के बाद देश में POK को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

राहुल गांधी में नहीं है नेतृत्व की दृष्टि

राहुल गांधी पर बोलते हुए बृजभूषण शरण सिंह ने कहा, वह कभी प्रधानमंत्री नहीं बन सकते। उन्होंने तर्क दिया कि हर नेता का एक स्पष्ट विजन होता है, लेकिन राहुल गांधी का अब तक कोई ठोस दृष्टिकोण सामने नहीं आया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल टुकड़े-टुकड़े गैंग की कठपुतली बन चुके हैं और ऐसी भाषा बोलते हैं जो पाकिस्तान को पसंद आती है। बृजभूषण ने यहां तक कह दिया कि, अगर देश की कमान कांग्रेस के हाथ में हो, तो वो देश तक बेच दे।

Also Read: कैसरगंज के पचम्भा गांव में दो दिवसीय स्टार नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज़, युवाओं में जोश चरम पर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.