SIR पर बृजभूषण शरण सिंह का राहुल गांधी पर हमला, बोले- विपक्ष बेवजह खड़ा कर रहा विवाद

Sandesh Wahak Digital Desk:  भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने गुरुवार को अमेठी पहुंचकर एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने साफ किया कि वह एसआईआर को एक आवश्यक प्रक्रिया मानते हैं जिससे मतदाता सूची स्वच्छ होगी। जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि के घर एक निजी कार्यक्रम में पहुंचे बृजभूषण शरण सिंह ने मीडिया से बातचीत में कई राजनीतिक मुद्दों पर अपनी राय रखी।

उन्होंने कहा कि एसआईआर एक अच्छा और जरूरी काम है, जिससे फर्जी और दोहरे वोट डालने वालों के नाम कटेंगे और एक साफ-सुथरी मतदाता सूची तैयार होगी। उन्होंने विपक्ष पर बेवजह विवाद खड़ा करने का आरोप लगाते हुए कहा, “जनता सब समझ रही है, लेकिन विपक्ष समझना ही नहीं चाहता। देश का दुर्भाग्य है कि विपक्ष के नेता ऐसे बयान देते हैं।” उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर कभी मिलेंगे तो हाथ जोड़कर कहेंगे कि देश में बहुत मुद्दे हैं, क्यों फालतू की बातें करते हैं।

2029 चुनाव और राजनीतिक वापसी

2029 के लोकसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर बृजभूषण शरण सिंह ने साफ लहजे में कहा कि वह साधु नहीं, बल्कि राजनीतिक व्यक्ति हैं और समय आने पर बता देंगे कि वह चुनाव कहां से लड़ेंगे।

गौरतलब है कि हाल ही में बलरामपुर में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने 2029 लोकसभा चुनाव लड़ने की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि उन्हें जनता ने नहीं, बल्कि “परिस्थितिजन्य कारणों” से रिटायर किया गया। देवीपाटन मंडल की जनता का प्रेम ही उनकी ताकत है, इसलिए वह जनता की इच्छा का सम्मान करते हुए चुनावी मैदान में फिर से उतरेंगे।

Also Read: फतेहपुर-देवरिया में दो सरकारी कर्मचारियों की मौत पर कांग्रेस सख्त, अजय राय बोले- ‘SIR के दबाव में बनी भयावह स्थिति’

Get real time updates directly on you device, subscribe now.