सेंगर के समर्थन में उतरे बृजभूषण सिंह, बोले- सजा दी तब ठीक था, अब सजा रुकी तो सवाल क्यों?

Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष और कैसरगंज से भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने उन्नाव दुष्कर्म मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर का पुरजोर समर्थन किया है। दिल्ली हाईकोर्ट द्वारा सेंगर की सजा निलंबित (Suspend) किए जाने और उन्हें जमानत मिलने पर हो रहे विरोध को बृजभूषण ने ‘अदालत पर अविश्वास’ करार दिया।

‘सेंगर के खिलाफ हुआ षड्यंत्र’

एक पॉडकास्ट कार्यक्रम में चर्चा के दौरान बृजभूषण शरण सिंह ने दावा किया कि कुलदीप सिंह सेंगर निर्दोष हैं और उनके खिलाफ साजिश रची गई है। उन्होंने कहा “जब ट्रायल कोर्ट ने सजा दी, तब सभी ने फैसले का सम्मान किया। अब जब उसी कानून और उसी अदालत ने सजा निलंबित की है, तो उस पर प्रश्न उठाना गलत है।”

बृजभूषण ने महिला पहलवानों द्वारा लगाए गए आरोपों को भी ‘विश्वव्यापी षड्यंत्र’ बताया। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ कनाडा और अमेरिका तक से विरोध प्रदर्शन कराए गए, लेकिन आज वे षड्यंत्रकारी गायब हैं।

ब्राह्मण विधायकों की बैठक का समर्थन

बृजभूषण शरण सिंह ने उत्तर प्रदेश में भाजपा के ब्राह्मण विधायकों द्वारा की गई ‘जाति विशेष’ की बैठक का भी खुलकर समर्थन किया। उन्होंने कहा कि जब भाजपा खुद जातियों के सम्मेलन कराती है, तो विधायकों द्वारा अपनी बिरादरी का दुख-सुख बांटने के लिए बैठक करने में कुछ भी गलत नहीं है। उनका यह बयान प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की उस चेतावनी के विपरीत है, जिसमें उन्होंने ऐसी बैठकों को ‘अनुशासनहीनता’ बताया था।

पार्टी के रुख से अलग राय

जहाँ एक ओर भाजपा के प्रदेश नेतृत्व ने जाति आधारित बैठकों को पार्टी के सिद्धांतों के खिलाफ बताते हुए कार्रवाई की चेतावनी दी है, वहीं बृजभूषण शरण सिंह का यह रुख पार्टी के भीतर एक नई चर्चा को जन्म दे सकता है।

Also Read: Siddharthnagar News: विकसित भारत-जी राम जी अधिनियम से बदलेगी गांवों की सूरत, अब 100 नहीं, 125 दिन के रोजगार की गारंटी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.