जन्मदिन पर बृजभूषण सिंह का ‘दबदबा’: 100 गाड़ियों का काफिला और 2.5 करोड़ का घोड़ा; अयोध्या तक दिखा जलवा
Sandesh Wahak Digital Desk: पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के 69वें जन्मदिन के मौके पर गुरुवार को केसरगंज और आसपास के इलाकों में मानो जनसैलाब उमड़ पड़ा। सैकड़ों गाड़ियों के काफिले, बुलडोजर से होती फूलों की बारिश और समर्थकों के ‘दबदबा’ वाले गानों के बीच बृजभूषण सिंह ने अपना जबरदस्त शक्ति प्रदर्शन किया।
अयोध्या में रामलला के दरबार में हाजिरी
बृजभूषण सिंह अपने जन्मदिन की शुरुआत में अयोध्या पहुंचे। वहां उन्होंने रामलला के दर्शन किए और साधु-संतों का आशीर्वाद लिया। इसके बाद उनका काफिला गोंडा स्थित उनके आवास विष्णोहरपुर से नवाबगंज होते हुए निकला। रास्ते भर समर्थकों ने जेसीबी और बुलडोजर पर चढ़कर उन पर फूल बरसाए।
हरियाणा से मिला 2.5 करोड़ का ‘अनमोल’ तोहफा
इस जन्मदिन पर मिले उपहारों ने सबका ध्यान खींचा। हरियाणा के एक दंपत्ति ने उन्हें लंदन का एक खास नस्ल का घोड़ा गिफ्ट किया है, जिसकी कीमत करीब 2.5 करोड़ रुपये बताई जा रही है। यही नहीं, हरियाणा की ही एक खिलाड़ी ने उन्हें सोने की चेन भेंट की। समर्थकों के इस प्यार ने यह संदेश देने की कोशिश की कि बृजभूषण का प्रभाव केवल यूपी तक सीमित नहीं है।
‘राष्ट्र कथा’ का समापन और विशाल भंडारा
1 जनवरी से चल रही ‘राष्ट्र कथा’ का आज (8 जनवरी) समापन हुआ। इस मौके पर नंदिनी निकेतन में लाखों लोगों के लिए भंडारे का आयोजन किया गया है। कई बीघे में फैले विशाल पंडाल में सैकड़ों रसोइए भोजन तैयार कर रहे हैं। इस समापन समारोह में यूपी और बिहार के कई बड़े राजनेता और फिल्मी हस्तियां भी शामिल हुईं। अयोध्या से आए एक हजार से अधिक आचार्यों ने इस धार्मिक आयोजन में हिस्सा लिया।
मंच से सख्त संदेश
नंदिनी निकेतन में मंच से बोलते हुए बृजभूषण सिंह ने अपनी ताकत का अहसास कराया। उन्होंने गोमाता का आशीर्वाद लिया और स्पष्ट किया कि वहां सिर्फ साधु-संतों और सेवादारों को ही प्राथमिकता मिलेगी। युवाओं में उनका क्रेज देखते ही बन रहा था, जो उनके साथ सेल्फी लेने और उनके नारों पर झूमते नजर आए।
Also Read: कानपुर: नाबालिग से गैंगरेप मामले में पत्रकार गिरफ्तार, दरोगा की तलाश में जुटी 4 टीमें

